
देहरादून। प्रदेश सरकार ने इस वर्ष सहकारी बैंकों के माध्यम से दो लाख किसानों को लगभग 600 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए आगामी 1 दिसंबर से राज्य के सभी 95 विकासखंडों में सहकारिता ऋण मेलों का आयोजन किया जाएगा। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाने के साथ ही जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सहस्त्रधारा रोड स्थित नाबार्ड मुख्यालय में आयोजित सहकारिता विभाग एवं नाबार्ड की समीक्षा बैठक में मंत्री डॉ. रावत ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, ब्याजमुक्त ऋण वितरण, जिला सहकारी बैंकों के एनपीए तथा विभागीय कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसानों तक आसान ऋण पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए विकासखंड स्तर पर बड़े पैमाने पर ऋण मेले आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में जिला सहकारी बैंकों के बढ़ते एनपीए पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को 400 करोड़ रुपये के एनपीए की वसूली का लक्ष्य निर्धारित करते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बकाया ऋण वसूली में तेजी लाकर बैंकों की वित्तीय स्थिति को और मजबूत बनाया जाए।
डॉ. रावत ने पिछली समीक्षा बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति भी जानी और अधिकारियों से विस्तृत प्रगति रिपोर्ट तलब की। उन्होंने अपर निबंधक, संयुक्त निबंधक एवं उप निबंधक स्तर के अधिकारियों को प्रत्येक एमपैक्स (एमपैक्स) में बैठकें आयोजित कर योजनाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को 7 दिसंबर तक अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया, जिसकी समीक्षा स्वयं मंत्री करेंगे।
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार ऋण वितरण के मामले में चमोली जिला 63 प्रतिशत उपलब्धि के साथ प्रदेश में सबसे आगे रहा। इसके बाद ऊधमसिंह नगर 52 प्रतिशत, अल्मोड़ा 50 प्रतिशत, हरिद्वार 49 प्रतिशत, पौड़ी 46 प्रतिशत, उत्तरकाशी 43 प्रतिशत तथा देहरादून 32.72 प्रतिशत उपलब्धि के साथ शामिल हैं।
दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत शून्य प्रतिशत ब्याज पर दिए जाने वाले अल्पकालीन और मध्यकालीन ऋण वितरण की भी समीक्षा की गई। मध्यकालीन ऋण वितरण में पिथौरागढ़ 72 प्रतिशत उपलब्धि के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि चमोली, नैनीताल, उत्तरकाशी और चंपावत ने भी निर्धारित लक्ष्य का आधे से अधिक हिस्सा हासिल किया।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में 37,271 करोड़ रुपये के निर्धारित ऋण लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 19,623.89 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का लगभग 52 प्रतिशत है। बैठक में नाबार्ड तथा सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और जिला सहकारी बैंकों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।




