
मुक्तेश्वर से मसूरी तक छह दिन चली साइकिलिंग प्रतियोगिता में 66 प्रतिभागियों ने दिखाया दमखम, शिवेन दूसरे और खुशीमन घरती तीसरे स्थान पर
मसूरी। हिमालय की दुर्गम पहाड़ियों और चुनौतीपूर्ण रास्तों पर छह दिन तक चले रोमांचक मुकाबले में लद्दाख के 19 वर्षीय त्सेवांग नोरबू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन पर्वतीय साइकिलिंग चैलेंज-2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। उन्होंने 658 किलोमीटर की कठिन दूरी 23 घंटे 31 मिनट 02 सेकंड में पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। हरियाणा के शिवेन दूसरे और सेना की साहसिक टीम के खुशीमन घरती तीसरे स्थान पर रहे।
उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में देश के 18 राज्यों के प्रतिभागियों के साथ थल सेना, वायु सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के कुल 66 साइकिल चालकों ने हिस्सा लिया। 20 नवंबर को मुक्तेश्वर से शुरू हुई प्रतियोगिता पिथौरागढ़, बागेश्वर, तिलवाड़ा, टिहरी और चिन्यालीसौड़ होते हुए मसूरी में संपन्न हुई।
प्रतियोगिता के शुरुआती दो चरणों में त्सेवांग नोरबू ने जीत दर्ज कर बढ़त बनाई। तीसरे चरण में शिवेन ने बेहद मामूली अंतर से उन्हें पीछे छोड़ दिया, जबकि खुशीमन घरती ने अंतिम तीन चरणों में लगातार जीत हासिल कर तीसरा स्थान सुनिश्चित किया। प्रतियोगिता का सबसे लंबा चरण बागेश्वर से तिलवाड़ा तक 145 किलोमीटर का रहा, जिसने साइकिल चालकों की सहनशक्ति और कौशल की कड़ी परीक्षा ली।
मसूरी के टाउन हॉल में आयोजित समापन समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विजेताओं को ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के साहसिक आयोजन उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एडवेंचर टूरिज्म के मानचित्र पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। साथ ही शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने में भी मदद मिलेगी।
पर्यटन सचिव एवं पर्यटन विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल और अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिनव शाह ने कहा कि प्रतियोगिता कुमाऊं से गढ़वाल तक उत्तराखंड की एकता का संदेश देने के साथ ही कम चर्चित पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाने में सहायक होगी। इससे प्रतियोगिता मार्ग पर पड़ने वाले गांवों में होमस्टे और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने बताया कि पर्यटन विकास परिषद की ओर से आगामी 4 से 6 दिसंबर तक हिमालयन कार रैली आयोजित की जाएगी। इसके अलावा माणा दर्रे से 100 मील की हिमालयी सहनशक्ति दौड़ समेत कई अन्य साहसिक आयोजन भी प्रस्तावित हैं।



