
रांची। बीसीसीआई अंडर-23 महिला टी-20 ट्रॉफी एलीट के क्वार्टर फाइनल में उत्तराखंड ने हरियाणा को 21 रन से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में उत्तराखंड की गेंदबाज निशा मिश्रा के चार विकेट निर्णायक साबित हुए, जिन्हें प्लेयर ऑफ द मैच से नवाजा गया।
टॉस जीतकर हरियाणा ने उत्तराखंड को पहले बल्लेबाजी का निमंत्रण दिया। उत्तराखंड की बल्लेबाजियों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन बनाते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 138 रन खड़े किए, जिससे हरियाणा के सामने 139 रन का लक्ष्य रखा गया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए हरियाणा की टीम शुरू से ही दबाव में रही। उत्तराखंड के गेंदबाजों ने सटीक लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करते हुए बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते गए और हरियाणा 19.1 ओवर में 117 रन पर ऑलआउट हो गई। निशा मिश्रा ने चार विकेट लेकर हरियाणा की पारी को बड़ा झटका दिया।
जीत के बाद क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की सचिव किरण वर्मा ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने कहा, “उत्तराखंड की महिला क्रिकेट टीम ने परिश्रम, अनुशासन और सामूहिक प्रदर्शन के दम पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। हरियाणा जैसी मजबूत टीम को हराना खिलाड़ियों की प्रतिभा का प्रमाण है। हमें उम्मीद है कि टीम सेमीफाइनल में भी इसी जज्बे से खेलेगी और फाइनल में पहुंचकर प्रदेश को एक और बड़ी खुशी देगी।”
प्रदेश में महिला क्रिकेट के विकास के लिए यह जीत उत्साहजनक संकेत मानी जा रही है। अब राज्य के क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें सेमीफाइनल पर टिकी हैं, जहां उत्तराखंड की बेटियां फाइनल में जगह बनाने के इरादे से उतरेंगी।
स्कोर सारांश: उत्तराखंड 138/4 (20 ओवर), हरियाणा 117 ऑलआउट (19.1 ओवर)। परिणाम: उत्तराखंड 21 रन से विजयी। प्लेयर ऑफ द मैच: निशा मिश्रा (4 विकेट)।



