
बापूग्राम, बिंदुखत्ता समेत वन क्षेत्रों में बसे लोगों को मालिकाना हक देने की दिशा में पहल, हरिद्वार में 21 किमी पीआरटी कॉरिडोर प्रस्तावित; कैबिनेट ने 23 प्रस्तावों को दी मंजूरी
देहरादून।उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने जनहित से जुड़े फैसलों के जरिए अपनी प्राथमिकताओं को गति देने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी, वन क्षेत्रों में लंबे समय से बसे लोगों को जमीन का अधिकार दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने, हरिद्वार में आधुनिक यातायात व्यवस्था विकसित करने, चिकित्सकों की सेवाएं पर्वतीय क्षेत्रों में सुनिश्चित करने तथा रोजगार और प्रशासनिक ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सरकार ने खनन से जुड़ी बढ़ी रॉयल्टी दरों को भी फिलहाल लागू नहीं करने का फैसला किया।
कैबिनेट के फैसले के तहत आशा कार्यकर्ताओं को मिलने वाले मासिक मानदेय में 1700 रुपये की वृद्धि की गई है। अब उन्हें 8300 रुपये के स्थान पर 10 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई, हालांकि इसकी दर तय करने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है। इस संबंध में आगे निर्णय लिया जाएगा।
वन भूमि पर लंबे समय से बसे लोगों को राहत देने के मामले में भी मंत्रिमंडल ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। ऋषिकेश के बापूग्राम क्षेत्र में 594.90 एकड़ आरक्षित वन भूमि को वन श्रेणी से हटाने सहित बिंदुखत्ता और अन्य ऐसे इलाकों, जहां आबादी वर्षों से निवास कर रही है, को डीरिजर्व किए जाने के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की मंजूरी दी गई। इन बस्तियों में रह रहे लोगों को जमीन का मालिकाना हक देने और भूमि नियमितीकरण की नीति तैयार करने के लिए उप मंत्रिमंडलीय समिति गठित की जाएगी। इसके बाद वन विभाग विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर केंद्र को भेजेगा। इस प्रक्रिया में न्यायालय के निर्देशों और कानूनी प्रावधानों का पालन किया जाएगा।
हरिद्वार में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए ‘हरिद्वार दर्शन’ परियोजना के तहत पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (पीआरटी) विकसित करने की योजना को भी मंजूरी दी गई। प्रस्तावित नेटवर्क 21.08 किलोमीटर लंबा होगा और इसमें 21 स्टेशन बनाए जाएंगे। इसके तीन कॉरिडोर होंगे। पहला सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15.58 किलोमीटर लंबा मार्ग होगा, जिसमें 15 स्टेशन प्रस्तावित हैं। दूसरा सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक 3.10 किलोमीटर का कॉरिडोर होगा, जिसमें चार स्टेशन होंगे। तीसरा गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक 2.40 किलोमीटर लंबा मार्ग होगा और इसमें दो स्टेशन प्रस्तावित हैं। परियोजना के लिए कुल 6.9555 हेक्टेयर भूमि की जरूरत होगी, जिसमें 6.1171 हेक्टेयर सरकारी और 0.8384 हेक्टेयर निजी भूमि शामिल है। इसके अलावा निर्माण कार्य के लिए पांच साल तक दो हेक्टेयर अस्थायी भूमि भी उपयोग में लाई जाएगी, जिसे सीतापुर के निकट पीआरटी डिपो के आसपास चिन्हित किया गया है।
राजकीय मेडिकल कॉलेजों में स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए भी सेवा संबंधी प्रावधान लागू करने पर सहमति बनी है। पीजी पूरा करने के बाद चिकित्सकों को दो साल राज्य में सरकारी सेवा देनी होगी। पर्वतीय और दूरस्थ इलाकों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करने तथा सरकारी अस्पतालों में सीनियर रेजीडेंट की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से यह बॉन्ड व्यवस्था लागू की जाएगी।
चीनी मिलों को पेराई सत्र के दौरान वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देने पर सहमति जताई है। इससे मिलों को बैंकों से ऋण प्राप्त करने में सुविधा होगी और संचालन संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
वन विभाग में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को भी राहत दी गई है। वन आरक्षी के पद पर सीधी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी। इसके लिए उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली में संशोधन कर वर्ष 2026 की नई नियमावली को मंजूरी दी गई है।
भूमि उपयोग परिवर्तन से संबंधित शुल्कों में भी संशोधन किया गया है। सरकार का मानना है कि महायोजना के तहत भू-उपयोग बदलने की अधिक लागत के कारण लोग वैध अनुमति लेने से बच रहे थे और अवैध प्लॉटिंग तथा अनियोजित निर्माण बढ़ रहे थे। ऐसे में एक अगस्त 2025 को लागू की गई नई शुल्क दरों के बजाय छह अक्टूबर 2021 के आदेश के तहत निर्धारित पुरानी दरें बहाल करने का निर्णय लिया गया है। इससे नियोजित विकास को प्रोत्साहन मिलने, भूमि विवाद कम होने और स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ने की उम्मीद है।
खनन क्षेत्र में रॉयल्टी की बढ़ी हुई दरों को स्थगित रखने का फैसला किया गया है। जिला खनिज फाउंडेशन न्यास में जमा होने वाले अंशदान को केंद्र के प्रावधानों के अनुरूप 15 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत किया गया है, जबकि क्षतिपूर्ति शुल्क 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत निर्धारित किया गया है। इसमें पांच प्रतिशत न्यास शुल्क को क्षतिपूर्ति शुल्क में समायोजित किया गया है।
कैबिनेट ने उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को भी मंजूरी दी है। इसके दायरे में अब असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों को भी शामिल किया जाएगा। ईएसआई में फार्मासिस्ट की सीधी भर्ती के लिए योग्यता संबंधी नियमों में बदलाव करते हुए डी फार्मा के साथ बी फार्मा डिग्रीधारकों को भी पात्र बनाया गया है। उत्तराखंड एक्स-रे तकनीशियन नियमावली में संशोधन तथा भवन निर्माण एवं विकास उपविधि विनियम 2011 के तहत भूखंड क्षेत्रफल और भवन उपयोग के आधार पर मानकों में बदलाव को भी मंजूरी दी गई।
इसके अलावा उत्तराखंड पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव के लिए नई नीति, सेतु आयोग के विभागीय ढांचे, उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह पदों समेत कुल 11 पदों के सृजन, महाधिवक्ता कार्यालय के कर्मचारियों की सेवा नियमावली और लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा नियमावली में संशोधन संबंधी प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। निर्माण कार्यों के लिए सूचीबद्ध संस्थानों में से एनएचआईडीसीएल को हटाने, सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक दिनेश चंद्र ध्यानी को समान सेवा लाभ देने तथा राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली तैयार करने के लिए उप मंत्रिमंडलीय समिति बनाने का निर्णय भी लिया गया। विधानसभा के मानसून सत्र का सत्रावसान किए जाने के प्रस्ताव पर भी मंत्रिमंडल ने मुहर लगाई।
इन फैसलों के जरिए सरकार ने सामाजिक कल्याण, शहरी आधारभूत ढांचे, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं, भूमि अधिकार और प्रशासनिक सुधारों को एक साथ आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। चुनावी वर्ष में कैबिनेट के फैसलों को जनहित के साथ-साथ सरकार के आगामी राजनीतिक एजेंडे की दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।



