
‘पहले श्रमिक को सुरंग से बाहर आते देख वह पल शब्दों से परे था’, मुख्यमंत्री ने साझा की रेस्क्यू अभियान की यादें; आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए IRS पुस्तिका और SDMP 2026-27 जारी
देहरादून। सिलक्यारा सुरंग हादसे में 17 दिनों तक चले रेस्क्यू अभियान की यादें आज भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भावुक कर देती हैं। 41 श्रमिकों की सुरक्षित वापसी के लिए चलाए गए अभियान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह उनके जीवन का ऐसा अनुभव था, जिसमें हर पल उम्मीद, चुनौती, चिंता और संकल्प साथ-साथ चलते रहे। उन्होंने कहा कि 12 नवंबर 2023 को जब सुरंग में 41 श्रमिकों के फंसे होने की खबर मिली, तब प्राथमिकता केवल एक थी—सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के दौरान कई बार ऐसा लगा कि सफलता करीब है, लेकिन अचानक नई बाधाएं सामने आ जाती थीं। मलबा, चट्टानें और मशीनों में आई तकनीकी दिक्कतों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चुनौतीपूर्ण बना रहा। इसके बावजूद बचाव कार्य में जुटी टीमों ने हार नहीं मानी। क्षैतिज ड्रिलिंग के साथ वर्टिकल ड्रिलिंग और अन्य वैकल्पिक रास्तों पर एक साथ काम किया गया। देश-विदेश के विशेषज्ञों, विभिन्न एजेंसियों और तकनीकी टीमों ने समन्वय के साथ श्रमिकों तक पहुंचने के प्रयास जारी रखे।
धामी ने कहा कि सुरंग के भीतर फंसे श्रमिकों का धैर्य और साहस बाहर जुटी टीमों के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा था। 17 दिनों तक कठिन परिस्थितियों में भी श्रमिकों ने जिस हिम्मत का परिचय दिया, उससे रेस्क्यू टीमों का मनोबल लगातार बढ़ता रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पूरे अभियान की नियमित जानकारी लेते रहे और श्रमिकों की सुरक्षित वापसी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश देते रहे। सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, प्रशासन, तकनीकी विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों के साझा प्रयासों ने अभियान को निर्णायक सफलता तक पहुंचाया।
मुख्यमंत्री ने 28 नवंबर 2023 को पहले श्रमिक के बाहर आने के क्षण को याद करते हुए कहा कि वह अनुभूति शब्दों में व्यक्त नहीं की जा सकती। जब एक-एक कर सभी 41 श्रमिक सुरक्षित बाहर आए तो उनके परिवारों के साथ पूरे देश ने राहत और खुशी महसूस की। उन्होंने कहा कि परिजनों से किया गया सुरक्षित वापसी का वादा पूरा होना उनके लिए सबसे बड़ी संतुष्टि थी। अभियान के दौरान बाबा बौखनाग के प्रति स्थानीय लोगों और श्रमिकों के परिवारों की आस्था ने भी उम्मीद और विश्वास को मजबूती दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिलक्यारा अभियान ने सिखाया कि बड़े से बड़े संकट में भी धैर्य, साहस, तकनीकी दक्षता, बेहतर समन्वय और मानवीय संवेदना के साथ प्रयास जारी रखने चाहिए। आपदा के समय त्वरित निर्णय और टीमवर्क ही सफलता का आधार बनते हैं।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (IRS) पुस्तिका तथा उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (SDMP) 2026-27 का विमोचन किया। IRS पुस्तिका में आपदा के दौरान विभिन्न अधिकारियों एवं विभागों की भूमिकाओं, जिम्मेदारियों और समन्वय व्यवस्था को स्पष्ट किया गया है, जिससे राहत एवं बचाव कार्यों में त्वरित निर्णय और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी। वहीं, SDMP में राज्य की भौगोलिक एवं आपदा संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व तैयारी, चेतावनी, प्रतिक्रिया, राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण की विस्तृत व्यवस्था शामिल की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे आपदा संवेदनशील राज्य में मजबूत तैयारी, प्रभावी समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई बेहद जरूरी है। दोनों दस्तावेज राज्य की आपदा प्रबंधन प्रणाली को अधिक सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन केवल एक मिशन नहीं था, बल्कि 41 जिंदगियों और उनके परिवारों की उम्मीदों को बचाने का संकल्प था। उस अभियान और जांबाजों के अदम्य साहस को याद कर आज भी मन भावुक होने के साथ गर्व से भर उठता है।



