
ऋषिकेश । एकीकृत स्वास्थ्य सेवा (इंटीग्रेटिव हेल्थकेयर) को मजबूत बनाने की दिशा में एम्स ऋषिकेश और आयुष मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत सेंट्रल काउंसिल फॉर रिसर्च इन योगा एंड नेचुरोपैथी (सीसीआरवाईएन) के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस करार के तहत दोनों संस्थान क्लिनिकल सेवाओं, शिक्षा, क्षमता निर्माण और अनुसंधान के क्षेत्र में मिलकर कार्य करेंगे।
समझौते का उद्देश्य आधुनिक चिकित्सा के साथ योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को जोड़कर साक्ष्य-आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से मरीजों की बेहतर क्लिनिकल देखभाल, शैक्षणिक आदान-प्रदान तथा संयुक्त शोध कार्यों को नई गति मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय पारंपरिक स्वास्थ्य ज्ञान और आधुनिक बायोमेडिकल विज्ञान का यह समन्वय स्वास्थ्य क्षेत्र में मील का पत्थर साबित हो सकता है।
एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह और सीसीआरवाईएन की निदेशक डॉ. ज्योति केसवानी ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि सहयोग का उद्देश्य योग और प्राकृतिक चिकित्सा की समृद्ध विरासत को आधुनिक चिकित्सा अनुसंधान और क्लिनिकल प्रैक्टिस के साथ जोड़ना है। उन्होंने बताया कि दोनों संस्थान स्वास्थ्य संरक्षण, रोगों की रोकथाम, जीवनशैली संबंधी बीमारियों के प्रबंधन, पुनर्वास और समग्र स्वास्थ्य संवर्धन में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की भूमिका को वैज्ञानिक आधार प्रदान करने के लिए संयुक्त रूप से कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि इस साझेदारी से क्लिनिकल सेवाओं, अकादमिक गतिविधियों और अनुसंधान के क्षेत्र में सहयोग बढ़ेगा तथा रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवा मॉडल को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में आयुष-इंटीग्रेटिव मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. मोनिका पठानिया, विधि अधिकारी प्रदीप कुमार पांडेय, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीलोय मोहंती, चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्वेता मिश्रा समेत डॉ. दीपक, डॉ. प्रीति और डॉ. भावित सहित अन्य चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



