
देहरादून। थाना रायपुर क्षेत्र की विष्णुलोक (विष्णुपुरम) कॉलोनी में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े एक खौफनाक ट्रिपल मर्डर की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। लूट के इरादे से घर में घुसे एक व्यक्ति ने बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी पर पेचकस से हमला कर तीनों की निर्मम हत्या कर दी। पड़ोसियों ने भागते आरोपी को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना विष्णुलोक कॉलोनी के मकान नंबर 16 में करीब दोपहर तीन बजे हुई। घर में उस समय 85 वर्षीय रमेश कपूर (केएस कपूर), उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और करीब 45 वर्षीय नौकरानी शीला (तिलिया देवी) मौजूद थे। आरोपी चोरी के इरादे से घर में घुसा और रजनी कपूर के गले से चेन छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने पेचकस से उन पर कई वार कर दिए। चीख-पुकार सुनकर नौकरानी शीला मौके पर पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। इसके बाद बुजुर्ग रमेश कपूर पर भी पेचकस से हमला किया। तीनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
शोर सुनकर पड़ोसी भारती भंडारी समेत आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी भागने लगा और पेचकस दिखाकर डराने की कोशिश की, लेकिन पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया। पहले उसकी पिटाई की गई और फिर पुलिस के हवाले कर दिया गया। तीनों घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई, लेकिन देरी होने पर पड़ोसियों ने अपने वाहनों से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आरोपी (जो प्लंबर बताया जा रहा है) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात लूट के इरादे से की गई, लेकिन पुलिस किसी अन्य वजह की भी जांच कर रही है।
इस घटना से पूरे रायपुर क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।



