
मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग, घायलों की जान बचाने के लिए युद्धस्तर पर कार्रवाई करने का आग्रह
देहरादून। रिखणीखाल में हुए वाहन हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत की खबर पर उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए सरकार से राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और घायलों की जान बचाने के लिए युद्धस्तर पर कार्रवाई करने की मांग की।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि प्रदेश में सड़कों की स्थिति कई स्थानों पर खराब है। सड़क निर्माण के दौरान तैयार किए गए इंजीनियरिंग नक्शों और उनकी व्यावहारिक स्थिति का गंभीरता से अध्ययन किए जाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने हादसे में मृतकों के परिजनों को दी जाने वाली मुआवजा राशि चार लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये प्रति मृतक किए जाने की मांग की। धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि किसी व्यक्ति की जान की कीमत चार लाख रुपये नहीं हो सकती और सरकार को पीड़ित परिवारों को पर्याप्त आर्थिक सहायता प्रदान करनी चाहिए।
हादसे की सूचना मिलते ही धीरेंद्र प्रताप घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। प्रदेश कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक में देहरादून जाने का कार्यक्रम होने के बावजूद उन्होंने बैठक छोड़कर घटनास्थल पहुंचने का निर्णय लिया। उन्होंने सरकार से अपील की कि दुर्घटना में घायल एवं अन्य प्रभावित लोगों की सुरक्षा और उपचार के लिए तत्काल प्रभाव से हर संभव कदम उठाए जाएं।



