
टोटाम चेरीधार के पास हुआ हादसा, SDRF ने कठिन रेस्क्यू अभियान चलाकर शव निकाला
अल्मोड़ा। टोटाम चेरीधार के पास एक कैंटर वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में वाहन चालक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने दुर्गम परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक का शव खाई से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, शनिवार 28 नवंबर को जिला नियंत्रण कक्ष (डीसीआर) अल्मोड़ा से एसडीआरएफ पोस्ट भिकियासैंण को कैंटर के खाई में गिरने की सूचना मिली। वाहन में चालक के सवार होने की जानकारी मिलने पर अपर उप निरीक्षक सुंदर बोरा के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर कैंटर गहरी खाई में गिरा हुआ मिला। चालक की तलाश में एसडीआरएफ और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खाई की गहराई और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद टीम ने लगातार प्रयास करते हुए करीब 200 मीटर नीचे से चालक का शव बरामद कर लिया।
मृतक की पहचान हीरा सिंह (35), पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी नंदप्रयाग घाट, जनपद चमोली के रूप में हुई। एसडीआरएफ ने शव को खाई से निकालकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।



