
उत्तराखंड केंद्रीय पेंशन वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से हुआ आयोजन, कार्यशाला में चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य जागरूकता की जानकारी
देहरादून। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर उत्तराखंड केंद्रीय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से अल्ट्रस हेल्थ केयर अस्पताल की ओर से विशेष सम्मान एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसोसिएशन के 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ सदस्यों को सम्मानित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, नियमित जांच और बेहतर जीवनशैली को लेकर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में अल्ट्रस हेल्थ केयर अस्पताल की असिस्टेंट मैनेजर श्रीमती शीतल शारदा कॉल ने सीजीएचएस लाभार्थियों के लिए अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही वरिष्ठ सदस्यों के लिए आयोजित स्वास्थ्य कार्यशाला में फिजिशियन डॉ. नितनव भटनागर, न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. शुभम तथा ऑर्थोपेडिक्स विशेषज्ञ डॉ. आदित्य ने उम्र बढ़ने के साथ होने वाली सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं, उनके बचाव, सावधानियों, प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल और उपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। चिकित्सकों ने उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य संबंधी सवालों का समाधान भी किया।

इस अवसर पर एसोसिएशन के संयोजक तिलक राज शर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके सम्मान एवं स्वास्थ्य की देखभाल सामूहिक जिम्मेदारी है। अध्यक्ष बलवीर सिंह नेगी ने कहा कि वृद्धावस्था अनुभव और ज्ञान की समृद्ध अवस्था है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित खान-पान, सक्रिय जीवनशैली तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने का आह्वान किया। महासचिव रविंद्र सेमवाल ने कार्यक्रम के आयोजन और सहयोग के लिए अल्ट्रस हेल्थ केयर अस्पताल के प्रबंधन, विशेष रूप से श्री दुर्गेश कुमार एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सह सचिव पीके सिंह, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार उनियाल, प्रचार सचिव राजेंद्र प्रसाद शास्त्री, संगठन सचिव विमल कांत, सह कोषाध्यक्ष अरविंद बनखंडी सहित एसोसिएशन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। वरिष्ठ सदस्यों ने सम्मान एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े इस आयोजन को उपयोगी और सराहनीय बताया।




