
मानदेय बढ़ोतरी की अधिसूचना कब ? सीटू ने सरकार को याद दिलाए वार्ता के वादे
देहरादून। भारतीय ट्रेड यूनियन केंद्र (सीटू) ने उत्तराखंड सरकार से मांग की है कि 23 नवंबर 2026 को राज्य सचिवालय में शासन और मजदूर संगठनों के बीच हुई वार्ता के अनुरूप स्कीम वर्करों और अन्य श्रमिकों की समस्याओं का सम्मानजनक और स्थायी समाधान निकाला जाए। यह मांग शुक्रवार को राज्य कैबिनेट की बैठक के बाद उठाई गई।
सीटू के अनुसार, हाल ही में शासन, श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और सीटू के बीच हुई बैठक में आशा, आंगनबाड़ी और भोजनमाता के मानदेय में बढ़ोतरी पर सहमति बनी थी। संगठन का कहना है कि बैठक में दो दिन के भीतर इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी करने का आश्वासन दिया गया था। सीटू ने इस पहल का स्वागत करते हुए सरकार से आश्वासनों को जमीन पर उतारने की मांग की है।
सीटू नेतृत्व ने आरोप लगाया कि मजदूरों और स्कीम वर्करों को लंबे समय से ठगा जा रहा है। संगठन के मुताबिक पहले भी 18 महीने का समझौता हुआ था, लेकिन उसे धरातल पर लागू नहीं किया गया। संगठन ने कहा कि आशा, आंगनबाड़ी, भोजनमाता और मनरेगा कर्मियों सहित अन्य श्रमिकों की बुनियादी मांगों की अनदेखी सरकार के लिए ठीक नहीं होगी।
सीटू ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं:
- स्कीम वर्करों के मानदेय में बढ़ोतरी तथा विभिन्न सुविधाओं, फंड, पेंशन और एकमुश्त राशि की अधिसूचना जल्द से जल्द जारी की जाए।
- स्कीम वर्करों और मजदूर संगठनों की सभी उचित मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए सम्मानजनक और स्थायी हल निकाला जाए।
- वार्ता में दिए गए आश्वासनों पर अमल किया जाए, अन्यथा मजदूर संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
संगठन ने सरकार से यह भी अपील की है कि श्रमिकों के हितों से खिलवाड़ न किया जाए और शासन द्वारा मजदूर संगठनों के साथ किए गए सभी समझौते सम्मानपूर्वक लागू किए जाएं।
यहां देखे मुख्यमंत्री को प्रेषित पत्र





