
ऋषिकेश। एम्स ऋषिकेश में आयोजित विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह (वाॅव 2026) का मंगलवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर संस्थान में ‘वन हेल्थ’ विषय पर सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका उद्घाटन कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) की चुनौती से निपटने के लिए मानव, पशु और पर्यावरणीय स्वास्थ्य के बीच समन्वय व सहयोगात्मक अनुसंधान बेहद जरूरी है। कार्यक्रम में पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सा अधिकारियों ने भी भाग लिया। इसके अतिरिक्त फार्मेसी स्टीवर्डशिप कार्यशाला में AWaRe वर्गीकरण, रोगाणुरोधी उपयोग और प्रिस्क्रिप्शन ऑडिट जैसे विषयों पर चर्चा हुई, वहीं ‘इंटीग्रेटेड एंटीमाइक्रोबियल स्टीवर्डशिप चैंपियन वार्ड’ पहल के तहत उत्कृष्ट कार्य के लिए इमरजेंसी आईसीयू की टीम को पुरस्कृत किया गया। डीन एकेडमिक प्रो. सौरभ वार्ष्णेय ने भी अपने विचार रखे।

दूसरी ओर, एम्स ऋषिकेश के एमबीबीएस छात्रों ने त्रिवेणीघाट पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम लोगों को एंटीबायोटिक दवाओं के बढ़ते दुरुपयोग के प्रति आगाह किया और इनके सही इस्तेमाल की जानकारी दी। नाटक के जरिए यह संदेश दिया गया कि बिना विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह के एंटीबायोटिक दवाएं नहीं लेनी चाहिए, जिस पर मौजूद लोगों ने विशेषज्ञों से कई सवाल भी पूछे। समापन के दौरान सप्ताह भर चली विभिन्न गतिविधियों के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रतिमा गुप्ता, आयोजन अध्यक्ष डॉ. पी. के. पांडा, आयोजन सचिव डॉ. वन्या सिंह, मुख्य नर्सिंग अधिकारी अनीता रानी कंसल, डॉ. निधि कैले, डॉ. निशांत, डॉ. सुमन चौरसिया, डॉ. मनीषा बिष्ट, डॉ. मनीष शर्मा, डॉ. भूपिंदर, डॉ. रंजना, डॉ. प्रकाश तेंदुलकर, धर्मेंद्र सिंह, सुमन, रम्या, गिरिराज, आशुतोष सहित अन्य संकाय सदस्य व स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।



