
सहसपुर (भाऊवाला)। वीर शहीद अनुसूया प्रसाद महावीर चक्र खेल समिति द्वारा राइफलमैन रति राम गुरुंग के बलिदान दिवस के अवसर पर आयोजित महावीर चक्र मेमोरियल बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को भाऊवाला में हुआ। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने प्रतियोगिता का संकेत देकर शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में डॉ. रावत ने सम्मानित पूर्व सैनिकों एवं मातृशक्ति को अभिवादन किया। उन्होंने राज्य स्तर पर अपने क्षेत्र और विद्यालय का प्रतिनिधित्व कर अपनी प्रतिभा का परिचय देने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया।
अपने संबोधन में डॉ. हरक सिंह रावत ने शहीद रति राम गुरुंग के बलिदान को अमर बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल शहीदों की स्मृति को जीवित रखते हैं, बल्कि युवा पीढ़ी को देशभक्ति, अनुशासन और खेल भावना की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने आयोजक समिति की पहल की सराहना की और कहा कि खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है।


कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, मातृशक्ति, शिक्षकों, खिलाड़ियों तथा ग्रामीणों की भारी उपस्थिति रही। सभी ने शहीद रति राम गुरुंग को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को नमन किया।
प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि यह प्रतियोगिता शहीद की स्मृति में हर वर्ष आयोजित की जाएगी, ताकि क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़े और शहीदों की विरासत आगे की पीढ़ियों तक पहुंचे।



