
देहरादून। रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क निदेशालय (डीपीआर) की ओर से जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा), देहरादून लेफ्टिनेंट कर्नल चेतन सिंह कबसूड़ी ने शुक्रवार को लोक भवन में राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने अपनी भूमिका के बारे में जानकारी दी तथा उत्तराखंड में सशस्त्र सेनाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।
राज्यपाल ने समकालीन मुद्दों की समग्र जानकारी रखने का मार्गदर्शन दिया। उन्होंने सैन्य-नागरिक एकीकरण, वीरांगनाओं एवं सैनिकों के कल्याण, आपदा प्रतिक्रिया जागरूकता तथा सशस्त्र सेनाओं और मीडिया के बीच पारदर्शी एवं सम्मानजनक संवाद के महत्व पर बल दिया।
राज्यपाल ने कहा कि सेना और समाज के बीच मजबूत संबंध राष्ट्र की सुरक्षा, एकता और आत्मनिर्भरता के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सैन्य परंपरा और वीरता की धरोहर को संरक्षित रखते हुए युवाओं को रक्षा सेवा के प्रति प्रेरित करना आवश्यक है।

लेफ्टिनेंट कर्नल चेतन सिंह कबसूड़ी ने बताया कि जनसंपर्क निदेशालय सशस्त्र सेनाओं की उपलब्धियों, राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों, सैनिक कल्याण योजनाओं तथा आपदा प्रबंधन में सेना की भूमिका को जन-जागरूकता के स्तर तक पहुंचाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि ‘हर काम देश के नाम’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए सेना, प्रशासन, मीडिया और नागरिक समाज का सहयोग अनिवार्य है।
भेंट के दौरान आपदा प्रतिक्रिया और जागरूकता पर विशेष चर्चा हुई। राज्यपाल ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय सेना की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई ने हमेशा जनता का विश्वास अर्जित किया है। उन्होंने ऐसी पहलों को और प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय प्रशासन, नागरिक समाज एवं मीडिया के सहयोग पर जोर दिया।
इस अवसर पर सैनिकों, वीरांगनाओं एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए चल रही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विचार विमर्श हुआ। राज्यपाल ने आशा व्यक्त की कि सशस्त्र सेनाओं और उत्तराखंड के बीच सद्भाव, सहयोग एवं राष्ट्रभक्ति की परंपरा निरंतर मजबूत होगी।



