
एक दिसंबर को प्रस्तावित था समारोह, मुख्य अतिथि की उपलब्धता और तिथि तय न होने के चलते लिया निर्णय
श्रीनगर, संवाददाता। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय का एक दिसंबर को प्रस्तावित 13वां दीक्षांत समारोह स्थगित कर दिया गया है। समारोह की नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वाईपी रैवानी की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, मुख्य अतिथि की उपलब्धता और समारोह की तिथि को अंतिम रूप नहीं दिए जाने के कारण दीक्षांत समारोह स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। नई तिथि एवं अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश विश्वविद्यालय की ओर से अलग से जारी किए जाएंगे।
दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में सफल घोषित किए गए विश्वविद्यालय के तीनों परिसरों श्रीनगर, चौरास और बीजीआर परिसर पौड़ी के पात्र स्नातकोत्तर (पीजी) विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण फॉर्म भरना अनिवार्य होगा।
वहीं, पीएचडी शोधार्थियों में वे अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिन्हें पीएचडी की उपाधि प्रदान की जा चुकी है अथवा जिनकी मौखिक परीक्षा (वाइवा-वॉइस) 10 दिसंबर 2026 तक संपन्न हो चुकी होगी। इसके अलावा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के विश्वविद्यालय के सभी स्वर्ण पदक विजेताओं को भी समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपाधि एवं पदक प्रदान किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि पात्र पीजी विद्यार्थियों, पीएचडी शोधार्थियों और स्वर्ण पदक विजेताओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल दोबारा खोला जाएगा। पंजीकरण की तिथि और प्रक्रिया संबंधी विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
प्रशासन ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर रखने तथा निर्धारित समयावधि में पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।



