
डॉ. अनिल वर्मा बोले– स्कूल-कॉलेजों में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण बेहद जरूरी, रेस्क्यू और प्राथमिक उपचार की जानकारी से बचाई जा सकती हैं जानें
देहरादून । लक्ष्मण भारतीय इंटर कॉलेज में जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में यूथ रेडक्रॉस की ओर से आपदा प्रबंधन दिवस पर प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल शिविर आयोजित किया गया। शिविर में यूथ रेडक्रॉस कमेटी के आपदा प्रबंधन चीफ मास्टर ट्रेनर डॉ. अनिल वर्मा ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को आपदा के दौरान बचाव, राहत और प्राथमिक उपचार के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी।
डॉ. अनिल वर्मा ने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि स्कूल-कॉलेजों के शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को भी प्रशिक्षित होकर जन-धन की हानि कम करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से बेहद संवेदनशील है और यहां बड़े भूकंप जैसी आपदा का खतरा बना रहता है। ऐसे में शिक्षण संस्थानों में रेस्क्यू एवं फर्स्ट एड का प्रशिक्षण बेहद जरूरी है, क्योंकि यहां बड़ी संख्या में बच्चे, किशोर और युवा एक साथ मौजूद रहते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. वर्मा ने सर्च एंड रेस्क्यू के तहत आपदा, युद्ध अथवा आतंकवादी घटनाओं के दौरान घायल व्यक्तियों को सुरक्षित निकालने के विभिन्न तरीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। उन्होंने फायरमैन लिफ्ट, ह्यूमन क्रेडल, ह्यूमन क्रच, मंकी क्रॉल, टो ड्रैग, चेयर नॉट रोप रेस्क्यू, बोलाइन नॉट ड्रैग और इम्प्रोवाइज्ड स्ट्रेचर सहित कई आपातकालीन बचाव तकनीकें सिखाईं।

फर्स्ट एड प्रशिक्षण के तहत हार्ट अटैक की स्थिति में व्यक्ति को जीवनदान देने के लिए सीपीआर तकनीक का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि आपात स्थिति में समय पर सही कदम उठाना किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
विद्यालय की प्रधानाचार्य अंजू चौहान ने आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण को जीवन, संपत्ति और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए मॉक ड्रिल की सराहना की। उन्होंने प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए डॉ. अनिल वर्मा का आभार व्यक्त किया। वरिष्ठ अध्यापिका प्रतिभा एवं कार्यालय अधिकारी पंकज बिष्ट के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने मॉक ड्रिल का कुशल प्रदर्शन किया।



