
उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की पहल पर मस्ताड़ी-बाड़ागड़ी क्षेत्र के ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन शनिवार को समाप्त हो गया। गंगा मंदिर झूला पुल के समीप विभिन्न मांगों को लेकर धरना दे रहे ग्रामीणों के बीच जिलाधिकारी स्वयं पहुंचे और उनसे सीधे वार्ता की।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रत्यावेदन सौंपकर अपनी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई का भरोसा दिलाया। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
वार्ता के दौरान इंद्रावती नदी पर बाढ़ सुरक्षा कार्य, इंद्रावती मोक्ष घाट एवं स्नान घाट से संबंधित कार्यों की स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास करने पर सहमति बनी। इस कार्य में मस्ताड़ी के पूर्व प्रधान सत्यनारायण सिंह सेमवाल प्रशासन को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। हरि महाराज स्नान घाट के निर्माण के लिए सिंचाई विभाग को एस्टीमेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएंगे।
ग्राम मस्ताड़ी के विस्थापन से जुड़े विषय पर ग्राम स्तर पर बैठक आयोजित कर चर्चा करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त अठाली-चामकोट-दिलसौड़ मोटर मार्ग के डामरीकरण के विषय पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी मांगों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी, पुलिस उपाधीक्षक जगदीश पंत सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।



