
श्रीनगर (गढ़वाल )। विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट प्रकोष्ठ द्वारा छात्रों के उचित इंटर्नशिप, कौशल विकास और प्लेसमेंट के क्रम में विभिन्न विभागों के मध्य उचित समन्वय स्थापित करने के लिए कुलपति प्रोफेसर श्री प्रकाश सिंह की अध्यक्षता एवं निर्देशन में पर्वतीय पर्यटन एवं आतिथ्य केंद्र में एक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में कुलपति ने विभिन्न विभागों में उचित समन्वय स्थापित करते हुए उद्योग, संस्थानों, उपक्रमों एवं कंपनियों से विभागीय स्तर पर भी विषयानुसार प्रयोगात्मक शिक्षा की गुणवत्ता की ओर ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के निदेशक प्रोफेसर राकेश ड्योढ़ी ने सभी विभागों से अपने-अपने विभाग द्वारा किए गए प्रयासों के माध्यम से प्लेसमेंट प्राप्त छात्रों की सूची तैयार कर प्रकोष्ठ को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
बैठक में कुलपति ने नई शिक्षा नीति के तहत और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के दिशानिर्देशों के अनुरूप ट्रेनिंग और प्लेसमेंट के लिए सक्रिय प्रारूप तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में नियुक्ति तथा प्रोन्नति के निदेशक प्रोफेसर एम. एस. पंवार, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर ओ. पी. गुसाईं, प्रोफेसर एन. एस. पंवार, प्रोफेसर आर. सी. डंगवाल, प्रोफेसर आर. एस. नेगी, प्रोफेसर अतुल ध्यानी, प्रोफेसर अजीत नेगी, प्रोफेसर प्रशांत कंडारी, प्रोफेसर जी. के. जोशी, वित्त अधिकारी डॉ. ए. के. मोहंती विशेष रूप से उपस्थित रहे।



