
देहरादून । आगामी शीतकाल, संभावित शीतलहर और बर्फबारी के मद्देनजर जनपद में राहत, बचाव एवं जनसुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि शीतकालीन तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों, तहसील प्रशासन, वन विभाग तथा आपदा प्रबंधन विभाग को समन्वय के साथ बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने की प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धन, असहाय और निराश्रित लोगों को समय रहते कंबल उपलब्ध कराए जाएं तथा तहसील स्तर पर पर्याप्त संख्या में कंबलों का भंडारण सुनिश्चित किया जाए। वहीं दुर्गम क्षेत्रों में तीन माह का खाद्यान्न अग्रिम रूप से पहुंचाने के निर्देश भी जिला पूर्ति विभाग को दिए गए।
डीएम ने सभी रैन बसेरों में पर्याप्त बिस्तर, कंबल, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए प्रत्येक रैन बसेरे के लिए नोडल अधिकारी नामित कर नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में बर्फबारी के दौरान खाद्यान्न, ईंधन तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की कमी न हो, इसके लिए अग्रिम भंडारण की व्यवस्था की जाए।
स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाइयों, आवश्यक उपकरणों, एंबुलेंस और गर्माहट की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध रहे। बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं का समय रहते चिन्हीकरण कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रखने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग एवं अन्य कार्यदायी संस्थाओं को संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी, स्नो कटर, स्नो ब्लोअर, नमक और चूना जैसी आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही बर्फबारी के दौरान विद्युत और पेयजल आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए डीएम ने संभावित जोखिम वाले ट्रेक मार्गों की पहचान करने तथा खराब मौसम की स्थिति में पर्यटकों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालन विभाग को भी शीतलहर और पाले से पशुओं की सुरक्षा, पशु चिकित्सालयों में दवाइयों की उपलब्धता तथा चारा बैंकों में पर्याप्त चारा सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में उपस्थित अधिकारी:
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, अपर नगर मजिस्ट्रेट रविन्द्र जुवांठा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी समेत नगर निगम, नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई, आरडब्ल्यूडी, वन, विद्युत और पेयजल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। जबकि विभिन्न तहसीलों के उप जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।



