
पौड़ी । पौड़ी टी-20 लीग 2026 के तहत डैफोडिल क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए रोमांचक मुकाबले में पौड़ी पैंथर्स ने कोटद्वार नाइट वॉरियर्स (केएनडब्ल्यू) को 23 रन से शिकस्त दी। टॉस जीतकर कोटद्वार नाइट वॉरियर्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पौड़ी पैंथर्स ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 138 रन बनाए। टीम की ओर से राजीव लोहानी और देव ने 24-24 रन की उपयोगी पारियां खेलीं, जबकि शशांक पंत ने 21, प्रवीण जाखड़ ने 18 और राजदीप ने 15 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोटद्वार नाइट वॉरियर्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 115 रन ही बना सकी। टीम की ओर से अभय नेगी ने सर्वाधिक 45 रन बनाकर संघर्ष किया, जबकि काव्या ने 20 और अभिजीत ने 12 रन बनाए। हालांकि, पौड़ी पैंथर्स के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने का मौका नहीं दिया।
पौड़ी पैंथर्स की ओर से देव चढ़ा और राजदीप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। वहीं आयुष, अंश जोशी और शशांक पंत को एक-एक सफलता मिली। कोटद्वार नाइट वॉरियर्स की ओर से अक्षय ने दो विकेट लिए, जबकि विवेक ध्यानी, कृष्णा और पंकज कंडारी ने एक-एक विकेट हासिल किया। इस तरह पौड़ी पैंथर्स ने मुकाबला 23 रन से अपने नाम कर लिया। मैच के समापन पर अंपायर और स्कोरर की उपस्थिति में दोनों टीमों के कप्तानों ने स्कोरशीट पर हस्ताक्षर किए।



