
देहरादून। उत्तराखंड में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी अब खुली बहस की चुनौती तक पहुंच गई है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा ने रेखा आर्य को सार्वजनिक मंच पर आमने-सामने चर्चा करने की चुनौती देते हुए उनके सामने कई सवाल रखे हैं। माहरा ने विशेष रूप से बरेली स्थित कथित फार्महाउस और करीब 210 करोड़ रुपये की बताई जा रही संपत्ति से जुड़े आरोपों पर स्पष्टीकरण मांगा है।
करन माहरा का कहना है कि रेखा आर्य लगातार कांग्रेस नेताओं और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को निशाने पर लेकर आरोप लगा रही हैं। ऐसे में उन्हें भी अपने ऊपर उठ रहे सवालों का जवाब तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि बरेली में कथित फार्महाउस का वास्तविक स्वामित्व किसके पास है, उसका निर्माण किन परिस्थितियों में हुआ और बरेली विकास प्राधिकरण से संबंधित कौन-कौन सी अनुमतियां प्राप्त की गई हैं। माहरा ने इन सभी दस्तावेजों को सार्वजनिक करने की मांग करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की बात कही।
कांग्रेस नेता ने रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के नाम से सामने आए एक वीडियो का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वीडियो में मंत्री को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिनकी सत्यता सामने आनी चाहिए। माहरा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से कथित 210 करोड़ रुपये की संपत्ति से जुड़े मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही भाजपा से सवाल किया कि क्या पार्टी इस प्रकरण की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से जांच कराने के पक्ष में है।
माहरा ने इस दौरान अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए रेखा आर्य से पीड़ित परिवार के प्रति उनके रुख पर भी जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता ने कथित वीआईपी को लेकर दुष्यंत गौतम का नाम सामने रखते हुए आरोप लगाए थे और उनकी राज्यपाल पद पर नियुक्ति का विरोध भी किया था। इस संबंध में परिवार ने दिल्ली में अपनी बात रखी थी। माहरा ने सवाल किया कि इंडिया गेट और राजघाट पर प्रदर्शन के दौरान जब अंकिता के माता-पिता को पुलिस ने हटाया, तब रेखा आर्य की क्या प्रतिक्रिया थी? क्या उन्होंने पीड़ित परिवार से संपर्क कर उनकी बात सुनी या उनकी मांगों को सरकार के सामने उठाया?
कांग्रेस नेता ने रेखा आर्य को खुली चुनौती देते हुए कहा कि सार्वजनिक बहस के लिए तारीख और स्थान मंत्री अपनी सुविधानुसार तय कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि रेखा आर्य पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर लगाए गए आरोपों के प्रमाण लेकर आएं और साथ ही अपने खिलाफ उठ रहे सवालों का भी जवाब दें। इससे प्रदेश की जनता को दोनों पक्षों की बात सुनने और तथ्यों के आधार पर अपनी राय बनाने का अवसर मिलेगा।
माहरा ने कहा कि जो नेता विपक्ष से सवालों का जवाब मांगते हैं, उन्हें खुद भी सार्वजनिक जीवन में जवाबदेही निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरीश रावत के खिलाफ बयान देते समय रेखा आर्य जिस मुखरता से अपनी बात रखती हैं, उसी तरह उन्हें अंकिता भंडारी के माता-पिता के सवालों का भी जवाब देना चाहिए। माहरा के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।



