
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उपलब्धि, सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन बेहतर बनाने पर जोर
देहरादून।स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्तराखंड के काशीपुर और रुद्रपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल की है। काशीपुर को प्रदेश के सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिला, जबकि रुद्रपुर ने स्वच्छ हिमालयी शहरों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
पीआईबी देहरादून की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में शहरी स्वच्छता और नगर निकायों की सफाई व्यवस्था में सुधार से जुड़ी पहलों पर चर्चा हुई। स्वच्छता संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, प्रभावी कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में काशीपुर के महापौर दीपक बाली, रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा, शहरी विकास विभाग के निदेशक विनोद गोस्वामी, काशीपुर के नगर स्वास्थ्य अधिकारी रवीन्द्र बिष्ट, रुद्रपुर की नगर आयुक्त शिप्रा जोशी और स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के राज्य मिशन प्रबंधक मनोज पांडे मौजूद रहे।


विज्ञप्ति के मुताबिक, स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया गया। समन्वित प्रयासों से शहरों को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने तथा सफाई व्यवस्था को स्थायी रूप से बेहतर करने की प्रतिबद्धता भी जताई गई।



