
देहरादून।देहरादून की पटेलनगर पुलिस ने 14 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में शिकंजा कसते हुए दो और फरार अभियुक्तों को रुद्रप्रयाग के गुप्तकाशी से दबोच लिया है। खास बात यह है कि इस हाई-प्रोफाइल वारदात में गिरफ्तार आरोपियों में एक नाम ऐसा सामने आया है, जो पहले लव जिहाद रोकने के दावों और बजरंग दल की सक्रियता से सुर्खियों में रहता था, लेकिन वक्त का पहरा ऐसा घूमा कि वह खुद जुर्म की दुनिया का मोहरा बन बैठा।
गुप्तकाशी से दबोचे गए शातिर
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान सिद्धार्थ बडोनी (पुत्र भारतभूषण, निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला, पटेलनगर) और दीपक सिंह शेखावत (निवासी एमडीडीए कॉलोनी, लक्ष्मण चौक) के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही ये दोनों कानून की आंख में धूल झोंककर लगातार फरार चल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए पहाड़ी इलाकों में ठिकाने बदल रहे थे। दून पुलिस की सर्विलांस टीम और स्थानीय पुलिस ने तगड़ा जाल बिछाकर आखिरकार इन्हें गुप्तकाशी से धर दबोचा। पुलिस ने सिद्धार्थ के कब्जे से 40,000 रुपये और दीपक के पास से 42,000 रुपये की नगदी भी बरामद कर ली है।
क्या था पूरा मामला?
बीती 07 नवंबर 2026 को वादी राजेश कुमार सोनी अपने साथियों के साथ हरिपुर कलां से प्लॉट के सौदे के लिए 14 लाख रुपये लेकर निकल रहे थे। जैसे ही वे इंद्रेश अस्पताल के पास पहुंचे, घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने उनके साथ जमकर मारपीट की और रुपयों से भरा बैग लेकर हवा हो गए।
इस वारदात के बाद से ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देशों के बाद पुलिस टीमों ने ताबड़तोड़ दबिशें दीं। पुलिस पहले ही इस गैंग के 5 गुर्गों (सरवजीत सिंह, जसमीत सिंह, शक्ति सिंह, कर्ण यादव और सोहेल अख्तर) को सलाखों के पीछे भेज चुकी है।
अब इन दोनों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस इस सनसनीखेज मामले में कुल 07 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनके पास से कुल 3 लाख 2 हजार रुपये बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस अब इस बात की टटोल कर रही है कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड कौन था और बाकी की रकम कहां ठिकाने लगाई गई है।



