
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद की चर्चाओं पर साफ संकेत दिए हैं कि पार्टी का पूरा फोकस सीटों के आंकड़े पर रहेगा। मुख्यमंत्री पद की दौड़ से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस को विधानसभा में 45 सीटें चाहिए और पार्टी का लक्ष्य इस आंकड़े को पार करना है। इसके बाद मुख्यमंत्री कौन होगा, यह फैसला पार्टी नेतृत्व और राहुल गांधी करेंगे।
अपनी भूमिका को लेकर रावत ने पार्टी के प्रति आभार जताया। उनके मुताबिक पार्टी ने उनकी क्षमताओं के अनुसार उन्हें सरकार और संगठन, दोनों में जिम्मेदारियां सौंपीं और वे पहले भी इन पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने कहा, “अब हमेशा एक ही सिक्का थोड़ी चलाएंगे, हमारे पास और भी योग्य लोग हैं।”
रावत के इस बयान को प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व और मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव से पहले किसी एक नाम पर बहस करने के बजाय पार्टी को ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने पर ध्यान देना चाहिए। उनका कहना था कि विधायकों के चुने जाने के बाद ही पार्टी नेतृत्व इस बारे में अंतिम निर्णय लेगा।



