
दिसपुर / देहरादून । असम की निवासी इंदिरा देवी उर्फ जेनी ने उत्तराखंड के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत पर लगे पुराने आरोपों को फिर से उठाते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात की है। मुख्यमंत्री ने उन्हें न्याय की लड़ाई में पूरा समर्थन देने का भरोसा दिलाया है। इससे लगभग 23 साल पुराना जेनी प्रकरण एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है और हरक सिंह रावत की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मुलाकात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “कल मैंने असम की निवासी जेनी से मुलाकात की। उत्तराखंड के हरक सिंह रावत ने उनके साथ जो किया, वह अत्यंत गलत और निंदनीय है। उनके साथ जो अत्याचार हुआ, वैसा किसी के साथ नहीं होना चाहिए। न्याय की इस लड़ाई में मैं पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ा हूं।”
जेनी ने 2002-03 के मामले में नए सिरे से सीबीआई जांच, डीएनए टेस्ट और अपने बेटे को पिता का नाम दिलाने की मांग की है। उनका आरोप है कि करीब 24 साल पहले देहरादून में काम करते समय उन्हें हरक सिंह रावत के घर ले जाया गया था, जहां उनके साथ यौन शोषण हुआ। जून 2003 में उन्होंने बच्चे को जन्म दिया और रावत को पिता बताया था। उस समय सीबीआई जांच हुई थी और डीएनए टेस्ट में मैच न होने पर रावत को क्लीन चिट मिल गई थी। अब जेनी का कहना है कि पुरानी जांच में गड़बड़ी हुई थी और वे दोबारा वैज्ञानिक जांच कराना चाहती हैं।
इस मुलाकात के बाद मामला उत्तराखंड की राजनीति से निकलकर अंतर-राज्यीय स्तर पर पहुंच गया है। जेनी इससे पहले देहरादून में भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप दोहरा चुकी हैं और पुलिस महानिदेशक से शिकायत की थी। विधानसभा चुनावों के मद्देनजर यह मुद्दा राजनीतिक रूप से भी संवेदनशील हो गया है। हरक सिंह रावत ने आरोपों से इनकार किया है और इसे साजिश बताया है।
असम मुख्यमंत्री के खुले समर्थन से जेनी के पक्ष को मजबूती मिली है और हरक सिंह रावत पर दबाव बढ़ने की संभावना है। आगे जांच एजेंसियों की कार्रवाई और कानूनी प्रक्रिया पर नजर रहेगी।



