
देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के बाद सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग और हंगामा करना आठ लोगों को भारी पड़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके लगातार उग्र होने और एक-दूसरे से मारपीट पर उतारू होने के चलते पुलिस ने सभी आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर की शाम रायपुर क्षेत्र में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग खुलेआम गाली-गलौज करने लगे और उनके बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। सूचना मिलने पर थाना रायपुर से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन दोनों पक्षों के लोग शांत होने के बजाय और अधिक उग्र हो गए। स्थिति बिगड़ने और संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने मौके से दोनों पक्षों के कुल आठ लोगों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अजय कुमार (23), आयुष (25), गौरव कुमार (26) और अरचित (23) निवासी डांडा लखौंड, आकाश मराठा (22) निवासी नागल हटनाला, शुभम रावत (22) निवासी अपर चिड़ोवाली, वकुल मखीजा (23) निवासी सरस्वती विहार तथा ओम जुयाल (21) निवासी चिड़ोवाली कंडोली शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने, हुड़दंग मचाने और कानून व्यवस्था के लिए चुनौती पैदा करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



