
सीएम धामी को याद दिलाया वादा; धरना देकर दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
देहरादून, 12 नवंबर। मानदेय बढ़ाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर सीटू से संबद्ध उत्तराखंड आशा स्वास्थ्य कार्यकत्री यूनियन ने गुरुवार को हड़ताल कर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय, चंदन नगर में प्रदर्शन किया। प्रदेशभर से पहुंचीं आशा कार्यकर्ताओं ने कार्यालय परिसर में धरना देकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई और लंबित मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग उठाई।
धरने को संबोधित करते हुए सीटू के जिला महामंत्री लेखराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 3 मार्च 2024 को आशा यूनियन के पदाधिकारियों से मुलाकात के दौरान उनका मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने वादा पूरा करना तो दूर, मानदेय वृद्धि के मुद्दे पर गंभीरता से विचार-विमर्श तक नहीं किया। उन्होंने इसे आशा कार्यकर्ताओं के साथ वादाखिलाफी बताते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। लेखराज ने कहा कि सरकार का यह रवैया मजदूर और महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है तथा आने वाले चुनावों में महिलाएं इसका जवाब देंगी।
यूनियन की प्रांतीय अध्यक्ष शिवा दुबे ने कहा कि आशा कार्यकर्ता लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि 18, 19 और 20 नवंबर 2026 को सीटू की ओर से सचिवालय पर आयोजित होने वाले महापड़ाव में प्रदेशभर से हजारों आशा कार्यकर्ता भाग लेंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन में सीटू के जिला उपाध्यक्ष भगवंत पयाल, सचिव हिमांशु चौहान, यूनियन महामंत्री लोकेश देवी सहित कलावती चंदोला, सुनीता चौहान, राधा गुप्ता, मीना जखमोला, नीलम देवी, कल्पेश्वरी देवी, नैना राणा, सरिता नौटियाल, गीता राणा, नीरज यादव, कमला पाण्डेय, चमन शर्मा और स्नेहलता समेत बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।



