
ज्योतिर्मठ। चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में हेलीकॉप्टर से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को तत्काल दर्शन की सुविधा देने के एवज में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) को हेली कंपनियों से करीब 50 लाख रुपये की वसूली करनी बाकी है। हैरानी की बात यह है कि वर्ष 2024 और 2025 की बकाया धनराशि का भुगतान पांच हेली कंपनियों ने अब तक पूरी तरह नहीं किया है।
सूत्रों के अनुसार, मंदिर समिति हेलीकॉप्टर से धाम पहुंचने वाले प्रत्येक श्रद्धालु से विशेष दर्शन सुविधा के लिए 2,100 रुपये शुल्क लेती है। वर्ष 2024 और 2025 के दौरान इस मद में कुल करीब तीन करोड़ रुपये बकाया थे। समिति अब तक लगभग ढाई करोड़ रुपये की वसूली कर चुकी है, लेकिन पांच कंपनियों से करीब 50 लाख रुपये अभी भी मिलने बाकी हैं।
दो वर्षों से बकाया राशि की वसूली नहीं हो पाने को लेकर मंदिर समिति की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं, समिति प्रशासन ने संबंधित हेली कंपनियों को नोटिस जारी कर भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। BKTC के अधिकारीयों के मुताबिक, शेष धनराशि की वसूली के लिए कंपनियों को नोटिस भेजे गए हैं। निर्धारित समय में भुगतान नहीं होने पर प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
VIP दर्शन पर फिर चर्चा, आम श्रद्धालुओं की परेशानी कौन समझेगा?
इस पूरे मामले ने चारधाम यात्रा में VIP दर्शन व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है। एक ओर VIP कल्चर समाप्त करने की बात कही जाती है, वहीं दूसरी ओर हेलीकॉप्टर से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित शुल्क लेकर तत्काल दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल आम श्रद्धालुओं की व्यवस्था को लेकर है। घंटों कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करने वाले श्रद्धालुओं के मन में यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या भगवान के दरबार में दर्शन की सुविधा भी आर्थिक हैसियत के आधार पर अलग-अलग होनी चाहिए?
आस्था के दरबार में समान दर्शन का अधिकार हर श्रद्धालु को मिलना चाहिए।



