
देहरादून । पूर्व कैबिनेट मंत्री और उत्तराखंड कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत के समर्थन में भूतपूर्व सैनिक खुलकर सामने आ गए हैं। उत्तरांचल प्रेस क्लब में बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में भूतपूर्व कैप्टन ताजबर सिंह नेगी और उनके साथियों ने जेनी प्रकरण में डॉ. रावत पर लगाए जा रहे आरोपों को बेबुनियाद करार दिया।
कैप्टन नेगी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए इस प्रकरण को राजनीतिक हथियार बना रही है। उनका कहना था कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP को संरक्षण, कथित VIP दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने और अग्निवीर योजना जैसे मुद्दों पर भाजपा जवाब देने से बच रही है। इन्हीं सवालों से ध्यान भटकाने के लिए डॉ. रावत को निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि डॉ. रावत की सीबीआई और डीएनए जांच पहले ही हो चुकी है, ऐसे में बार-बार आरोप लगाना राजनीतिक दुर्भावना को दर्शाता है। कैप्टन नेगी ने सवाल उठाया कि जांच के दौरान अलग-अलग रिपोर्टों में बबलू, राजकुमार तिवारी और अजमल खान के नाम सामने आए हैं, तो जेनी इन तीनों के डीएनए और नार्को टेस्ट की मांग क्यों नहीं कर रहीं ?

उन्होंने दावा किया कि डॉ. रावत की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर भाजपा सुनियोजित राजनीतिक षड्यंत्र के तहत उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश कर रही है। बेरोजगारी, अग्निवीर योजना और अंकिता भंडारी को न्याय जैसे मुद्दों पर जनता जवाब मांग रही है, लेकिन भाजपा जवाब देने के बजाय जेनी प्रकरण को राजनीतिक टूल की तरह इस्तेमाल कर रही है।
कैप्टन नेगी ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा डॉ. रावत के खिलाफ झूठे आरोप लगाकर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास करती रही, तो प्रदेश के पूर्व सैनिक एकजुट होकर बड़ा जनांदोलन खड़ा करेंगे।



