
देहरादून । चांदमारी क्षेत्र में आपस में गाली-गलौज और लड़ाई-झगड़ा कर शांति भंग करने के आरोप में कैंट कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को कोतवाली कैंट को सूचना मिली कि चांदमारी में किसी बात को लेकर दो पक्षों के लोग आपस में विवाद कर रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने देखा कि दोनों पक्षों के लोग जोर-जोर से गाली-गलौज करते हुए लड़ाई-झगड़ा कर रहे थे। उन्हें समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे शांत नहीं हुए और और अधिक उग्र होकर एक-दूसरे से भिड़ने तथा मारपीट पर आमादा हो गए। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने मौके से चारों लोगों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार लोगों की पहचान चांदमारी निवासी विकास भरुण्डा (28), आकाश (33), अजय (37) और संजय पंवार (40) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने और शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के तहत जिले में पुलिस की गश्त और चेकिंग जारी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दुर्गेश कोठियाल, उपनिरीक्षक पंकज महिपाल, उपनिरीक्षक बबीता रावत, कांस्टेबल योगेश कुमार और कांस्टेबल हेमराज सिंह शामिल रहे।



