
गौसेवा आस्था और संस्कृति का अभिन्न अंग, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का माध्यम : धामी
72 पंजीकृत एवं 9 अनुबंधित गोसदनों में 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को मिल रहा संरक्षण
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला द्वारा गौसेवा, गोवंश संरक्षण एवं मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कामधेनुलोक जैसी पहल गौसंरक्षण के साथ भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौ माता का विशेष स्थान है और उन्हें सर्वदेवमयी माना गया है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक जीवन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग है।
संस्था की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुआ यह अभियान अब व्यापक रूप ले चुका है। वर्तमान में पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा की जा रही है। संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एम्बुलेंस के जरिए अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाया जा चुका है। साथ ही प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन, राशन एवं चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गौसंरक्षण, देसी नस्लों के संवर्धन और प्राकृतिक खेती को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार प्रदेश में 72 पंजीकृत एवं 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध करा रही है। ग्राम्य गोसेवक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है, जबकि शहरी विकास एवं पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण हेतु भूमि चिह्नित की गई है।
बद्री गाय के शुद्ध घी एवं दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं, जिनमें अकेले चमोली जनपद में तीन संचालित किए जा रहे हैं। इससे पर्वतीय पशुपालकों को रोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
धामी ने कहा कि कृषि में मशीनीकरण बढ़ने से गोवंश, विशेषकर नंदियों की पारंपरिक उपयोगिता में परिवर्तन आया है। ऐसे में गोवंश को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोवंश के प्रति क्रूरता एवं गौहत्या जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कुंभ 2027 की तैयारियों के संदर्भ में उन्होंने बताया कि हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को भव्य, दिव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सड़क, नए पुल, संपर्क मार्ग, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं आधुनिक भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल एवं प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी आत्मानंद महाराज सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



