
11 यूके बटालियन में युवा संवाद, कैडेटों ने नशामुक्त समाज के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने का लिया संकल्प
देहरादून । नशे के खिलाफ अब युवा शक्ति जनआंदोलन की कमान संभालेगी। 11 यूके बटालियन, देहरादून में सजग इंडिया की ओर से आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में 300 से अधिक एनसीसी कैडेटों ने नशामुक्त समाज के निर्माण और लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सजग इंडिया के अध्यक्ष एवं शिक्षाविद एडवोकेट ललित जोशी ने कैडेटों को संबोधित करते हुए युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान का सक्रिय हिस्सा बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनकी सहभागिता से नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को व्यापक जनआंदोलन बनाया जा सकता है।
ललित जोशी ने सजग इंडिया की ओर से पिछले 18 वर्षों से संचालित नशामुक्ति एवं युवा जागरूकता अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षण संस्थानों, युवाओं और सामाजिक संगठनों के सहयोग से प्रदेशभर में नशे के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को इस मुहिम से जोड़ना समय की जरूरत है, क्योंकि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की सबसे अधिक क्षमता युवाओं में है।

एनसीसी कैडेटों के अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि कैडेट न केवल जिम्मेदार नागरिक हैं, बल्कि भविष्य के नेतृत्वकर्ता भी हैं। यदि प्रत्येक कैडेट अपने मित्रों, परिवार और आसपास के लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करे, तो जागरूकता की यह पहल एक बड़े सामाजिक आंदोलन का रूप ले सकती है।
उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति की जिंदगी को प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य को भी नुकसान पहुंचाता है। युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को सही दिशा देना सामूहिक जिम्मेदारी है। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या पुलिस तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने नशामुक्त परिवार, नशामुक्त समाज और नशामुक्त उत्तराखंड का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में एनसीसी अधिकारियों ने भी कैडेटों को अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कर्नल आरएसएस रावत, सूबेदार मेजर जिया लाल शाह और सूबेदार मेजर कमलेश रावत सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।


युवा संवाद के दौरान कैडेटों ने नशे की समस्या, उसके दुष्परिणाम और रोकथाम में युवाओं की भूमिका पर विचार साझा किए। कार्यक्रम के समापन पर 300 से अधिक कैडेटों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को नशे के खिलाफ जागरूक करने की शपथ ली।



