
देहरादून। सिल्क्यारा सुरंग रेस्क्यू अभियान की वर्षगांठ पर पहली बार आयोजित आपदा प्रबंधन दिवस के तहत शनिवार को पूरे उत्तराखंड में व्यापक राज्य स्तरीय मॉक अभ्यास हुआ, जिसमें सभी 13 जिलों व तहसील स्तर की घटना प्रतिक्रिया प्रणाली की टीमों ने हिस्सा लिया। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) पहुंचकर निरीक्षण करने वाले आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि सिल्क्यारा अभियान साहस, धैर्य, समन्वय और मानवीय संकल्प की ऐतिहासिक मिसाल है और यह दिवस पिछली घटनाओं से सीख लेकर भविष्य की तैयारियों को परखने का माध्यम है।
उन्होंने अधिकारियों को मॉक ड्रिल में सामने आई कमियों का गंभीर विश्लेषण कर उन्हें समयबद्ध दूर करने के निर्देश दिए तथा बताया कि आपदाओं में जन-धन की हानि घटाने के लिए एआई आधारित अर्ली वार्निंग सिस्टम, डिजिटल मॉनिटरिंग, ड्रोन सर्विलांस, जीआईएस मैपिंग, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और डेटा आधारित जोखिम आकलन जैसी आधुनिक तकनीकों को जोड़ा जा रहा है। साथ ही उन्होंने एसईओसी ड्यूटी ऑफिसर के दायित्वों पर आधारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का विमोचन भी किया और एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग व भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के सीबीआरएनई उपकरणों, नाइट विजन व थर्मल इमेजिंग कैमरों, हाइड्रोलिक कटर, अंडरवाटर ड्रोन और सोनार सिस्टम सहित अत्याधुनिक उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।


आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि चार दिवसीय कार्यक्रमों का शनिवार को समापन हो गया, जिसके तहत शनिवार को 150 स्थानों समेत कुल 1,200 स्थानों पर मॉक ड्रिल और 3,000 से अधिक स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान भूकंप, भूस्खलन व सड़क अवरोध, बाढ़-अतिवृष्टि व बादल फटने, जंगल की आग, नदी में डूबने, सड़क व सुरंग दुर्घटना, भीड़ में भगदड़, बिजली गिरने, बांध से अचानक पानी छोड़ने और संचार व्यवस्था बाधित होने जैसे विभिन्न आपदा परिदृश्यों में राहत, बचाव व अंतर-विभागीय समन्वय की तैयारियों को परखा गया।
इस अवसर पर आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, लेफ्टिनेंट कर्नल (से.नि.) रघुवीर सिंह भंडारी, सचिव विनोद कुमार सुमन, अपर सचिव प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी डीआईजी राजकुमार नेगी, एसडीआरएफ कमांडेंट अजय गणपति और संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



