
देहरादून। उत्तराखंड के शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य ने शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। पूर्ण साक्षरता से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित आधुनिक शिक्षा तक उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को प्रभावी रूप से लागू करने में उत्तराखंड ने मिसाल पेश की है और राज्य जल्द ही शिक्षा के क्षेत्र में देश का आदर्श मॉडल बनकर उभरेगा।
डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक और तकनीक आधारित बनाया जा रहा है। राज्य के 500 सरकारी स्कूल डिजिटल स्टूडियो से जोड़े जा चुके हैं, जबकि दून विश्वविद्यालय और आईआईटी मद्रास के सहयोग से ‘एआई फॉर ऑल’ पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। इससे विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता और नई तकनीकों की शिक्षा का अवसर मिल रहा है। वहीं 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट खरीदने के लिए डीबीटी के माध्यम से आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय और 281 पीएम श्री स्कूल विकसित किए गए हैं, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का दायरा बढ़ा है। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के तहत 20 हजार विद्यार्थियों को लाभ मिला है, जबकि विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से 21,743 छात्रों को 17.67 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की गई है।
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी राज्य ने उल्लेखनीय विस्तार किया है। वर्ष 2024-25 में प्रदेश में डिग्री कॉलेजों की संख्या बढ़कर 139 और सरकारी व निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या 52 हो गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा कौशल संवर्धन योजना के तहत पांच वर्षों में करीब 1.19 लाख छात्रों को कौशल प्रशिक्षण देने के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रत्येक जिले के नगरपालिका क्षेत्रों में आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी और वाचनालय भी स्थापित किए जा रहे हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा को भी सशक्त बनाया जा रहा है। इसी क्रम में विद्यालयों में श्रीमद्भागवत गीता के श्लोक-पाठ की शुरुआत की गई है, ताकि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना का विकास हो सके। साथ ही अल्पसंख्यक समाज के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण की स्थापना की गई है।
डॉ. धन सिंह रावत ने विश्वास व्यक्त किया कि डबल इंजन सरकार की शिक्षा सुधार योजनाओं और दूरदर्शी नीतियों के बल पर उत्तराखंड शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाएगा तथा राज्य के युवा आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



