
13 दिसंबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की तैयारी, मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर शासनादेश जारी करने की मांग
देहरादून । राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा (NOPRUF) उत्तराखंड की प्रदेश स्तरीय ऑनलाइन बैठक में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया। बैठक में आगामी आंदोलन की तैयारियों, संगठन की भूमिका तथा प्रदेशभर के कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर 10 से 12 दिसंबर तक तीन दिवसीय क्रमिक अनशन किया जाएगा। इसके बाद भी सरकार की ओर से सकारात्मक निर्णय नहीं लिए जाने पर 13 दिसंबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई।
मोर्चा की ओर से 26 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर प्रदेश के एनपीएस से आच्छादित कर्मचारियों एवं शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिए जाने तथा इस संबंध में शासनादेश जारी करने की मांग की गई है।
प्रदेश प्रभारी विक्रम सिंह रावत ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। लंबे समय से कर्मचारी इस मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश के सभी जनपदों और मंडलों में संगठनात्मक संपर्क एवं समन्वय बढ़ाया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष मनोज अवस्थी ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली प्रदेश के कर्मचारियों की प्रमुख मांग है। संगठन इस विषय को लेकर लगातार प्रयासरत है। उन्होंने प्रदेश के सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में कर्मचारियों से संपर्क कर आगामी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपेक्षा की।
प्रदेश महिला अध्यक्षा रनीता विश्वकर्मा ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग केवल पुरुष कर्मचारियों का विषय नहीं है, बल्कि महिला कर्मचारियों सहित प्रत्येक सरकारी कर्मचारी के भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने कहा कि महिला कर्मचारी भी इस संघर्ष में पूरी सक्रियता और एकजुटता के साथ अपनी भागीदारी निभाएंगी। उन्होंने प्रदेश की सभी महिला पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से आंदोलन को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।
प्रदेश महामंत्री सीताराम पोखरियाल ने कहा कि आंदोलन की सफलता के लिए संगठन की एकजुटता और व्यापक कर्मचारी सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से निर्धारित कार्यक्रमों की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष केदार फर्स्वाण, प्रदेश महिला उपाध्यक्ष भारती जुयाल, प्रदेश सह संयोजक जसपाल सिंह गुसाईं, प्रदेश मीडिया प्रमुख कीर्ति भट्ट, गढ़वाल मंडल मंत्री राजीव उनियाल तथा जिला कोषाध्यक्ष देहरादून हिमांशु रावत,अभिषेक नवानी जनपदीय सचिव देहरादून व अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आंदोलन की जानकारी प्रदेश के सभी जनपदों तक पहुंचाई जाएगी तथा कर्मचारियों को पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे पर संगठित करने के लिए व्यापक संपर्क अभियान चलाया जाएगा। मोर्चा ने स्पष्ट किया कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।
यँहा देखे ज्ञापन




