
देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने हरिद्वार में आयोजित दो दिवसीय विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति बैठक की सफलता पर संगठन के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बधाई देते हुए इसे संगठनात्मक एकजुटता, अनुशासन और सामूहिक संकल्प का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक नगरी हरिद्वार में आयोजित यह बैठक पार्टी के लिए विशेष महत्व रखती है, जहां प्रदेशभर के प्रतिनिधियों ने भविष्य की रणनीति और संगठनात्मक विस्तार पर मंथन किया।
प्रदेश कार्यसमिति के समापन के बाद भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि बैठक की सफलता संगठन के कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और बेहतर समन्वय का परिणाम है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए करीब 890 प्रतिनिधियों की भागीदारी ने आयोजन को व्यापक स्वरूप दिया। बैठक की व्यवस्थाओं से लेकर विभिन्न सत्रों के संचालन तक कार्यकर्ताओं ने जिम्मेदारी के साथ योगदान देकर भाजपा की मजबूत संगठनात्मक कार्यसंस्कृति का परिचय दिया।
परिहार ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका कार्यकर्ता है, जो हर जिम्मेदारी को निष्ठा के साथ निभाता है। उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं, जिला संगठन, विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों सहित आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता के पीछे कार्यकर्ताओं की सामूहिक भावना और संगठन के प्रति समर्पण ही सबसे महत्वपूर्ण आधार होता है।
प्रदेश महामंत्री ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और संबोधन ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को लगातार तीसरी बार सत्ता में लाने के लिए पहले से अधिक मेहनत करें और बड़ा जनादेश सुनिश्चित करें।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन तथा बांसुरी स्वराज सहित केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन को भी बैठक की सफलता में महत्वपूर्ण बताया। परिहार ने कहा कि कार्यसमिति में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक विस्तार, जनसंपर्क अभियान और विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने, बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं की भूमिका को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। राजनीतिक और आर्थिक प्रस्तावों के माध्यम से प्रदेश के विकास और संगठन की आगामी जिम्मेदारियों पर भी व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
परिहार ने कहा कि हरिद्वार कार्यसमिति ने एक बार फिर भाजपा की सामूहिक शक्ति, कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता और नेतृत्व के प्रति विश्वास को मजबूत किया है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सफल आयोजन का श्रेय पूरे संगठन की सामूहिक मेहनत और समर्पण को जाता है।



