
देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किए हैं। प्रदेश सरकार 26 नवंबर को अपने कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों, जनहित में लिए गए फैसलों और विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखेगी। उनके अनुसार, यह रिपोर्ट कार्ड विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखंड बनाने के सरकार के प्रयासों को दर्शाएगा।
भट्ट ने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने, सख्त नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून बनाने तथा सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने जैसे फैसले सरकार की निर्णायक कार्यशैली को दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि विकास के साथ राज्य की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक समरसता और मूल स्वरूप के संरक्षण को भी प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और लगातार आयोजित भर्ती प्रक्रियाओं से हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिला है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के जरिए निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं और निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के प्रयासों से उद्योग तथा रोजगार को गति मिलने की उम्मीद है।
भट्ट के मुताबिक, पर्यटन और तीर्थाटन राज्य की अर्थव्यवस्था के प्रमुख आधार हैं। चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं में सुधार, धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन का विस्तार, सड़क एवं हवाई संपर्क में सुधार तथा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना जैसे कार्य प्रदेश के विकास को नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीमांत और पर्वतीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर विकास को दूरस्थ इलाकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने महिला सशक्तिकरण, किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने को भी सरकार की प्राथमिकता बताया। भट्ट ने कहा कि लखपति दीदी अभियान, महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, स्थानीय उत्पादों को बाजार, होमस्टे और स्वरोजगार योजनाओं से महिलाओं और ग्रामीण युवाओं के लिए अवसर बने हैं। सरकार का लक्ष्य गांवों में रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाकर पलायन की चुनौती से निपटना है।
भट्ट ने कहा कि सरकार की उपलब्धियां योजनाओं और घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं, निवेश, धार्मिक पर्यटन और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में दिखाई देती हैं। उन्होंने 26 नवंबर को प्रस्तुत होने वाले रिपोर्ट कार्ड को जनता के प्रति जवाबदेही और पारदर्शिता का प्रमाण बताया। साथ ही विपक्ष पर विकास का ठोस विजन और सकारात्मक एजेंडा न होने का आरोप लगाया।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास और सुशासन की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। भट्ट ने कहा कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में अपने कार्यों और जनसेवा के संकल्प के आधार पर जनता के बीच जाएगी और दोबारा सरकार बनाने का लक्ष्य रखेगी।



