
देहरादून: सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ी और कुल 103 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में हुई इस जनसुनवाई में भूमि विवाद, अवैध कब्जे, आर्थिक सहायता, प्रमाण पत्र और बिजली से जुड़ी समस्याओं की भरमार रही। डीएम ने दो टूक कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई करनी होगी।
180 दिन से लटके मामलों और धीमी रफ्तार पर डीएम का कड़ा रुख
जनसुनवाई के दौरान डीएम ने सीएम हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कुछ शिकायतकर्ताओं से सीधे फोन पर बात कर जमीनी हकीकत भी परखी। सीएम हेल्पलाइन पर 180 दिनों से लंबित शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों से जवाब तलब किया। वहीं, मुख्यमंत्री घोषणाओं पर काम की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को चेताया कि देरी या लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई तय है।

संवेदनशील मामलों में तुरंत कार्रवाई के आदेश
समाधान दिवस में कई ऐसी शिकायतें आईं, जिन्होंने हर किसी का ध्यान खींचा:
- बुजुर्ग से मकान कब्जा और धमकी: जाखन के 76 वर्षीय गोविंद राम शाह ने बेटे पर मकान कब्जाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। डीएम ने एसडीएम सदर को भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर बुजुर्ग को तुरंत राहत दिलाने के निर्देश दिए।
- टीबी मरीज को अस्पताल में भर्ती कराने के आदेश: टीबी पीड़ित मरीज को दून अस्पताल में भर्ती न किए जाने की शिकायत पर सीएमओ को उसी दिन मरीज को भर्ती कर इलाज शुरू कराने को कहा गया।
- हिट-एंड-रन क्लेम: प्रेम नगर की शीला देवी के पति की हिट-एंड-रन हादसे में मौत के बाद क्लेम न मिलने के मामले में एसडीएम सदर को त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए।

बेटी की शादी की गुहार, 21 लाख की ठगी और जमीन कब्जे के मामले
मन्नूगंज की जसवीर कौर ने कमजोर आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए दिसंबर में होने वाली बेटी की शादी के लिए मदद मांगी, जिस पर डीएम ने एडीएम को मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। इसके अलावा डांडीपुर की बुजुर्ग बीना गुलाटी और कांवली रोड के बुजुर्ग बृजमोहन ने भी आय का कोई साधन न होने पर आर्थिक सहायता की गुहार लगाई।
वहीं, भूमि से जुड़े मामलों में ग्राम क्यारी की प्रभा नौटियाल और एकता विहार की बीरा पंवार ने जमीन कब्जाने व धमकी देने की शिकायत की, जिस पर संबंधित एसडीएम को जांच व कार्रवाई के आदेश मिले। टिहरी के ग्राम कोटी निवासी मनोज पंवार ने जमीन खरीद-बिक्री में 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई।
प्रमाण पत्र, कचरा, सड़क और बिजली मीटर पर भी सख्ती
- प्रमाण पत्र: विकासनगर की पुष्पा भट्ट की बेटी के जाति प्रमाण पत्र मामले में तहसीलदार को तुरंत प्रमाण पत्र जारी करने को कहा गया, जबकि हरिपुर कालसी के शराफत अली ने पत्नी के निधन के बाद उत्तरजीवी प्रमाण पत्र का अनुरोध किया।
- कूड़ा व सड़क बाधा: ऋषिकेश-चंद्रबनी के हेमवती नंदन देवरानी ने स्कूल द्वारा घर के सामने कचरा फेंकने की शिकायत की, जिस पर एसडीएम और जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को संयुक्त जांच के निर्देश दिए गए। नवादा कोटा में सीवर लाइन के बाद सड़क निर्माण में बाधा डालने वाले स्थानीय व्यक्ति के खिलाफ भी एसडीएम को कार्रवाई को कहा गया।
- बिजली मीटर: भगत सिंह कॉलोनी की निदा रब्बानी ने घर में मीटर न होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की बात कही, जिस पर विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को दो दिन के भीतर समस्या हल करने के आदेश मिले।

6 माह से नहीं बदले खंभे, यूपीसीएल पर भड़के डीएम
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर छह महीने से लंबित दो विद्युत पोल बदलने की शिकायतों पर डीएम खासे नाराज दिखे। उन्होंने यूपीसीएल अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए दोनों खंभे तत्काल बदलने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, एडीएम प्रशासन जीतेंद्र कुमार, एसडीएम राजकुमार पांडेय व अभय प्रताप सिंह, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद काला सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



