
प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, भोजन, आवास व चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में जुटा प्रशासन; सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने भी डीएम से ली घटना की जानकारी
उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी के मोरी तहसील अंतर्गत पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड से कई आवासीय भवन जलकर नष्ट हो गए। घटना से प्रभावित परिवारों के सामने संकट खड़ा हो गया है। अग्निकांड की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया और राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य तथा अग्निशमन विभाग की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गईं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुःख जताते हुए अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने अग्निकांड को बेहद दुखद बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने जिला प्रशासन से घटना की स्थिति और अब तक की कार्रवाई की जानकारी लेते हुए प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, भोजन, आवास, चिकित्सा सुविधा और जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही अग्निकांड से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता एवं राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें राहत पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने भी घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर विभिन्न राहत एवं बचाव टीमें मौके के लिए रवाना की गईं, जबकि प्रभावितों के लिए राहत सामग्री की व्यवस्था कर उसे घटनास्थल तक भेजा जा रहा है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी आपदा नियंत्रण कक्ष (डीईओसी) में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। प्रभावित परिवारों के लिए टेंट सहित अन्य जरूरी सामग्री तैयार की जा रही है और राहत सामग्री लेकर वाहन रवाना कर दिए गए हैं। घटनास्थल पर टीमों के पहुंचने तथा राहत-बचाव कार्य की स्थिति के संबंध में लगातार जानकारी जुटाई जा रही है।
अग्निकांड की जानकारी मिलने पर टिहरी गढ़वाल सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने भी दुःख व्यक्त किया। उन्होंने जिलाधिकारी उत्तरकाशी से फोन पर वार्ता कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और प्रभावित क्षेत्र में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने को कहा। सांसद ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, चिकित्सा एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा क्षति का त्वरित आकलन कर पीड़ितों को नियमानुसार सहायता देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन से राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने और जरूरतमंदों तक तत्काल मदद पहुंचाने की अपेक्षा की।


मुख्यमंत्री और सांसद ने इस दुःखद घटना में प्रभावित ग्रामीणों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उनके जल्द संकट से उबरने की कामना की। फिलहाल प्रशासनिक एवं राहत टीमें घटनास्थल पर व्यवस्थाएं जुटाने और प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने में जुटी हैं।



