
मेरिट के आधार पर काउंसलिंग के बाद आवंटित किए गए नियुक्ति स्थल
एक माह के भीतर करना होगा कार्यभार ग्रहण
रुद्रप्रयाग। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से चयनित 25 महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (एएनएम) में से 24 को मेरिट के आधार पर काउंसलिंग के उपरांत नियुक्ति स्थल आवंटित कर दिए गए हैं। वहीं, एक अभ्यर्थी काउंसलिंग में अनुपस्थित रही। चयनित अभ्यर्थियों को आवंटित तैनाती स्थलों पर एक माह के भीतर कार्यभार ग्रहण करना होगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल ने बताया कि चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से जनपद में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के 25 पदों पर चयन किया गया था। इसी क्रम में नियुक्ति स्थल आवंटित करने के लिए काउंसलिंग आयोजित की गई।
बताया कि एक अभ्यर्थी काउंसलिंग में अनुपस्थिति रहीं, काउंसलिंग में 24 अभ्यर्थियों को मेरिट एवं निर्धारित मानकों के आधार पर स्वास्थ्य उपकेंद्र तिलवाड़ा, सुमाड़ी, चोपड़ा, जवाड़ी, मयाली, दुर्गाधार, बुढ़ना, मनसूना, बसुकेदार, चौंरा, दिगधार, बरसूड़ी, जग्गी-बगवान, फाटा, त्यूंखर, खलियाण, लदोली, जसोली, रामपुर एवं दैड़ा सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली-1, जखोली-2 तथा ऊखीमठ-3 में तैनाती दी गई है। सभी चयनित अभ्यर्थियों को एक माह के भीतर संबंधित स्वास्थ्य इकाइयों में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि इन नियुक्तियों से जनपद के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को और मजबूती मिलेगी। विशेष रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इससे स्थानीय स्तर पर आमजन को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी सहूलियत होगी।
समिति में जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग के पैथोलॉजिस्ट डॉ. मनीष, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डीएस नेगी एवं डॉ. भुवन शामिल रहे। वही, वरिेष्ठ प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप सिंह रावत, प्रधान सहायक महिपाल सिंह नेगी, कनिष्ठ सहायक दीपक रावत काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल रहे।



