
पिक्चर पैलेस चौक पर वाल्मीकि समाज ने लगाया जाम, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी; एक आरोपी हिरासत में, दो अन्य संदिग्धों की तलाश
मसूरी। नगर पालिका के सफाई कर्मी 28 वर्षीय सतीश की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में सोमवार को मसूरी में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। मौत को लेकर आक्रोशित वाल्मीकि समाज के लोगों ने पिक्चर पैलेस चौक स्थित कुंडली चौकी के बाहर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जमकर नारेबाजी की और आरोपियों की गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने तक अंतिम संस्कार नहीं करने का ऐलान किया। विरोध के चलते नगर पालिका के सफाई कार्यों का भी बहिष्कार किया गया, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन गई।
प्रारंभिक तौर पर पुलिस घटना को तेज रफ्तार महिंद्रा पिकअप की टक्कर से हुई मौत मानकर जांच कर रही थी, लेकिन घटनाक्रम और सामने आए तथ्यों के बाद मामले की जांच हत्या के एंगल से भी शुरू कर दी गई है। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सतीश की बेरहमी से हत्या की गई, लेकिन शुरुआत में घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। इसी बात को लेकर समाज के लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली और बड़ी संख्या में लोग चौकी पर जुट गए।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सतीश की मौत के लिए जिम्मेदार सभी लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। उनका कहना था कि जब तक आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए और कहा कि वे अपने अधिवक्ता के माध्यम से पूरे मामले की जानकारी लेकर कार्रवाई से संतुष्ट होने के बाद ही आगे का निर्णय लेंगे।
प्रदर्शन की सूचना पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी मौके पर पहुंचीं और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद सीओ मसूरी जगदीश पंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को बताया कि मामले में गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 105 के तहत एक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और अन्य संदिग्धों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
सीओ जगदीश पंत के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनाक्रम में दो अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका है, जिनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने तथा कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद काफी मशक्कत से जाम खुलवाया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को कोतवाली ले जाया गया, जहां मामले को लेकर आगे की कार्रवाई की गई। सतीश की मौत के पीछे वास्तविक कारण, घटना से पहले हुई कहासुनी और मौके पर मौजूद अन्य लोगों की भूमिका अब पुलिस जांच के प्रमुख बिंदु हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।



