
16 दिसंबर को प्रदेश स्तर पर होगा विजय दिवस समारोह, युद्ध के अनुभवी सैनिकों एवं उनके परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित करने की तैयारी
देहरादून। 16 दिसंबर 2026 को मनाए जाने वाले विजय दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग के पदाधिकारियों की समन्वय बैठक सोमवार को सुबह 10:30 बजे राजीव भवन, देहरादून में आयोजित की गई। बैठक में 1971 के भारत-पाक युद्ध में भारतीय सेना की ऐतिहासिक विजय की स्मृति में प्रदेश स्तर पर भव्य समारोह आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व सैनिक विभाग उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सेवानिवृत्त कर्नल राम रतन नेगी सहित अन्य पदाधिकारियों ने विचार रखे। वक्ताओं ने विजय दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 1971 के युद्ध में भारतीय सेना की गौरवशाली विजय देश के सैन्य इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। विजय दिवस वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण करने का अवसर है।

बैठक में कर्नल मोहन सिंह रावत, कर्नल हरि सिंह चौधरी, कर्नल निशिकांत ध्यानी, प्रदेश उपाध्यक्ष बलबीर सिंह पंवार, प्रदेश महासचिव खुशपाल सिंह, कैप्टन अशोक नेगी (जिलाध्यक्ष पछवादून), रणवीर सिंह (जिलाध्यक्ष पौड़ी), दिनेश चालीसा (महानगर अध्यक्ष देहरादून), शेखर सकलानी (जिला उपाध्यक्ष), हाकम चंद (ब्लॉक अध्यक्ष) सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में समारोह की तैयारियों, पूर्व सैनिकों से संपर्क तथा अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई।
पूर्व सैनिक विभाग की ओर से सभी जिला अध्यक्षों एवं ब्लॉक अध्यक्षों से आग्रह किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पूर्व सैनिकों से संपर्क कर उन्हें विजय दिवस समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित करें तथा 30 नवंबर तक सहभागिता से संबंधित विवरण प्रदेश नेतृत्व को उपलब्ध कराएं।

विशेष रूप से 1971 के युद्ध में भाग लेने वाले युद्ध अनुभवी सैनिकों और उनके परिवारों को समारोह में विशिष्ट अतिथि (वीवीओपी) के रूप में आमंत्रित करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों से तत्काल संपर्क स्थापित कर आवश्यक जानकारी जुटाने और प्रदेश स्तर पर भेजने का अनुरोध किया गया।
बैठक में विजय दिवस समारोह को गौरव, सम्मान और सैनिकों के प्रति कृतज्ञता का आयोजन बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों से सक्रिय सहयोग की अपील की गई।



