
रुड़की/हरिद्वार। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) तथा औषधि निरीक्षक की संयुक्त कार्रवाई में हरिद्वार के रुड़की स्थित जनता मेडिकल स्टोर की आड़ में अवैध रूप से नशीली दवाओं के क्रय-विक्रय में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त के कब्जे से 682 ट्रामाडोल युक्त कैप्सूल तथा 600 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार, STF/ANTF को गोपनीय सूचना मिली थी कि जनता मेडिकल स्टोर का संचालक बिना वैध लाइसेंस के नशीली दवाओं का अवैध कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर निरीक्षक भवानी शंकर पंत के नेतृत्व में STF टीम ने औषधि निरीक्षक हरीश सिंह के सहयोग से स्टोर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद इरशाद पुत्र गुलफाम, उम्र 26 वर्ष, निवासी राजपुताबा, थाना बहादराबाद, हरिद्वार की तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 682 कैप्सूल स्पासमेड (ट्रामाडोल युक्त) और 600 टैबलेट अल्प्राजोलम बरामद हुईं। दवाओं के वैध लाइसेंस, क्रय-विक्रय के अभिलेख एवं चिकित्सकीय प्रिस्क्रिप्शन मांगे जाने पर अभियुक्त कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह नशीली दवाएं खरीदकर फुटकर बेचता था और इससे अच्छा मुनाफा कमाता था। पुलिस ने उसे मौके पर गिरफ्तार कर थाना गंगनहर, हरिद्वार में NDPS एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
STF उत्तराखण्ड के अनुसार, नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।



