
बिन्दुखत्ता/नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बिन्दुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग करते हुए महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने मेहरा के परिजनों को सम्मानित किया और उत्तराखंड की लोकसंस्कृति एवं लोककला के संरक्षण में उनके योगदान को स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने बिन्दुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों की बैठने की क्षमता वाला सांस्कृतिक सभागार बनाने की घोषणा की। साथ ही स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में विद्यालय, स्टेडियम तथा अन्य विकास कार्य कराए जाने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रहलाद सिंह मेहरा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के जनजीवन, मातृशक्ति के संघर्ष, युवाओं की भावनाओं और सामाजिक चेतना की प्रभावी अभिव्यक्ति देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीतों के माध्यम से मेहरा ने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार का संदेश दिया, जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ जैसे गीतों में अपनी जन्मभूमि के प्रति गहरा प्रेम झलकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकथात महोत्सव जैसे आयोजन लोकभाषाओं, लोकगीतों, लोकसंगीत और पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल प्राकृतिक सुंदरता से नहीं, बल्कि उसकी समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकभाषाओं और परंपराओं से भी है। आधुनिकता के दौर में सांस्कृतिक विरासत को सहेजना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में चल रहे विकास कार्यों के साथ मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत ऐतिहासिक एवं पौराणिक मंदिरों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी), धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय राज्य में लागू किए गए हैं। साथ ही सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि शेरनाला पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया गया है, जबकि विजयपुर-गौलापार क्षेत्र में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से नए पुल का निर्माण शुरू हो चुका है। सूर्यानाला और लालकुआं रेलवे क्रॉसिंग पर भी पुल निर्माण की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि बिन्दुखत्ता क्षेत्र में लंबे समय से विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक विद्युत सुधार कार्य किए जा रहे हैं। लालकुआं क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगभग 14 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा हल्दूचौड़ राजकीय महाविद्यालय को स्नातकोत्तर स्तर तक उच्चीकृत किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौला और नंधौर नदियों से होने वाले भू-कटाव की रोकथाम के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं। वन क्षेत्रों से सटे गांवों में वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ लगाने की योजना पर भी काम चल रहा है।

बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और केंद्र सरकार के साथ लगातार संवाद जारी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
समारोह में लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लोक कलाकार और क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।



