
महिलाओं की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए भाजपा कृत संकल्पित
देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि उतराखंड की धामी सरकार ने लीक से हटकर ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं और वह पूरे देश मे नजीर बने हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस न कोई सकरात्मक पहल महिला कल्याण के लिए की है और सरकार की पहल पर हमेशा नकारात्मक नजरिया रखा है।
कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए भट्ट ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए तमाम योजनाएं धामी सरकार ने जमीन पर उतारी है, लेकिन कांग्रेस को दिख नही रही है। लगता है कांग्रेस को दृष्टिदोष हो गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समानता का अधिकार देने वाला समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश में प्रथम राज्य उत्तराखण्ड बना है। यूसीसी से उत्तराखंड की मुस्लिम बहन-बेटियों को हलाला, इद्दत, बहुविवाह, बाल विवाह और तीन तलाक जैसी कुरीतियों से मुक्ति मिली है।
भट्ट ने कहा कि राज्य में महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू हो चुका है, जबकि कांग्रेस महिला हितों को लेकर महज भाषणबाजी करती रही है। वहीं सहकारी प्रबंध समितियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गयी है। महिला स्वास्थ्य के प्रति सजग सरकार के कार्यो का ही परिणाम है कि राज्य में मातृ मृत्यु दर वर्ष 2024-25 में घटकर 91 पर आ गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के लाभ महिलाओं को मिल रहे हैं तो मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजनान्तर्गत 1.5 लाख तक अनुदान की व्यवस्था की गयी है। ’’सशक्त बहना उत्सव योजना’’ और ’‘मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना’’ के माध्यम से राज्य की मातृशक्ति के लिए नए अवसर बने हैं तो महिला स्वयं सहायता समूहों को मिल रहा ₹ 5 लाख तक ब्याज मुक्त ऋण उनके अर्थिकी के द्वार खोल रहा है। ’’मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना” के अंतर्गत महिला समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को एक ब्रांड के रूप में विकसित किया जा रहा तो उद्यमिता में कार्यरत स्वयं सहायता समूह को 5 प्रतिशत का बोनस दिया जा रहा।
भट्ट ने कहा कि जनपदों में आयोजित विभिन्न कार्यशालाओं कार्यक्रमों एवं महिला सम्मान कार्यक्रमों हेतु ₹ 2.30 करोड़ की वित्तीय सहायता प्रदान की गई तो
प्रदेश की 2 लाख 65 हजार से अधिक बहनों ने “लखपति दीदी’’ बनकर महिला सशक्तिकरण की दिशा में इतिहास रचा है।सी.एल.एफ. में महिलाओं की व्यवसायिक गतिविधियों के संचालन हेतु ₹ 15.4 करोड़ की वित्तीय सहायता प्रदान की गई।
राज्य में मुख्यमंत्री महालक्ष्मी कीट योजना के तहत महिलाओं को प्रसव के बाद आवश्यक सामग्री दी जा रही है। चंपावत जिले के लोहाघाट में 256 करोड़ रुपये की लागत से राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जा रहा है। वहीं उत्तराखण्ड में द्वितीय विश्व युद्ध की वीर वीरागंनाओं की पेंशन में वृद्धि की गयी है। इसके साथ ही राज्य में ‘ड्रोन सखी‘ तैयार करने के लिए स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं का विकास योजनान्तर्गत मसूरी, देहरादून में राजकीय अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास के भवन अनुरक्षण कार्य हेतु ₹67.42 लाख की स्वीकृति दी गयी है। प्रदेश में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की बेटियों के सामूहिक विवाह हेतु 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। नंदा गौरा योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा बालिका के जन्म पर ₹ 11 हजार और बेटी के 12वीं पास करने पर उच्च शिक्षा के लिए ₹ 51 हजार की धनराशि प्रदान की जा रही है।
भट्ट ने कहा कि प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के लिए पिछले वर्ष की तुलना में 16 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोत्तरी हुई है। इस वर्ष जेंडर बजट के अंतर्गत लगभग 20 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य और पोषण हेतु “प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना” के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है। ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023‘ के अंतर्गत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। लोस मे गृहमंत्री अमित शाह ने साफ किया कि परिसीमन के माध्यम से किसी भी राज्य की सीटों के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा, इसीलिए सीटें बढ़ाने का प्राविधान बिल में रखा गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव या वोट को देखकर कार्य नही करती, बल्कि विकास के एजेंडे के साथ कार्य कर रही है। जिस मातृ शक्ति की योजनाओं को लेकर कांग्रेस बबाल मचा रही है वह निश्चित रूप से कांग्रेस को आगामी चुनाव मे सबक सिखायेगी।



