
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी आगामी 2027 उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ 26 नवंबर को चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के साथ करेगी। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड भी जारी किया जाएगा। यह जानकारी भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
विज्ञप्ति के अनुसार, चुनाव कार्यालय के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव तथा सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज उपस्थित रहेंगे। इनके अतिरिक्त राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी भी इस आयोजन में शामिल होंगे। पार्टी के अनुसार, यह कार्यालय आगामी चुनाव से जुड़े संगठनात्मक समन्वय और कार्यक्रमों के संचालन का प्रमुख केंद्र बनेगा।
प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने अपने बयान में कहा कि भाजपा के लिए चुनाव जनता के प्रति जवाबदेही प्रस्तुत करने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि जारी किए जाने वाले रिपोर्ट कार्ड में राज्य सरकार के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, रोजगार सृजन, आधारभूत ढांचे के विस्तार, पर्यटन विकास और महिला सशक्तीकरण से जुड़ी उपलब्धियों का विवरण शामिल होगा। विज्ञप्ति में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने, सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाइयों को सरकार के प्रमुख निर्णयों के रूप में रेखांकित किया गया है।
बयान में यह भी उल्लेख किया गया है कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार, चारधाम यात्रा को सुगम बनाने तथा सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत करने पर कार्य किया गया है। साथ ही, लखपति दीदी योजना, महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, होमस्टे योजना और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने जैसी पहलों के माध्यम से शहरी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने की बात कही गई है। दीप्ति रावत के अनुसार, पार्टी का संगठन बूथ स्तर तक सक्रिय भागीदारी और जनसंपर्क के जरिए सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी जनता तक पहुंचाएगा।



