
एम्स ऋषिकेश में बीएससी नर्सिंग के नए बैच की लैम्प लाइटिंग सेरेमनी, छात्राओं ने ली फ्लोरेंस नाइटिंगेल शपथ
ऋषिकेश । एम्स ऋषिकेश के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग के वर्ष 2026 के नए बैच के लिए लैम्प लाइटिंग एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर नर्सिंग पेशे में वैज्ञानिक ज्ञान, व्यावहारिक कौशल, अनुशासन और सेवाभाव के महत्व पर जोर दिया गया।
समारोह की मुख्य अतिथि मिलिट्री नर्सिंग सर्विस की एडिशनल डायरेक्टर जनरल मेजर जनरल रेचल थोमस ने कहा कि नर्सिंग एक चुनौतीपूर्ण और जिम्मेदारी भरा पेशा है, जिसमें मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ धैर्य, संवेदनशीलता और समर्पण की आवश्यकता होती है। एक कुशल नर्सिंग प्रोफेशनल के लिए वैज्ञानिक ज्ञान, क्लिनिकल अनुभव और करुणा से परिपूर्ण सेवाभाव का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि लैम्प लाइटिंग सेरेमनी महज एक परंपरा नहीं, बल्कि नर्सिंग पेशे के ज्ञान, मूल्यों और सेवा भावना को आत्मसात करने का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, जवाबदेही और नैतिकता के साथ काम करने तथा रिसर्च, एजुकेशन, लीडरशिप और पॉलिसी निर्माण के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विशिष्ट अतिथि डीन एकेडमिक प्रो. सौरभ वार्ष्णेय ने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए नॉलेज, स्किल्स और सकारात्मक एटीट्यूड का निरंतर विकास जरूरी है। उन्होंने ईमानदारी, मरीजों की गोपनीयता, नैतिक व्यवहार और सोशल मीडिया के जिम्मेदार इस्तेमाल के महत्व को भी रेखांकित किया।
कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रिंसिपल प्रो. (डॉ.) स्मृति अरोड़ा ने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कॉलेज की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा के माध्यम से कुशल, संवेदनशील और नैतिक रूप से जिम्मेदार नर्सिंग प्रोफेशनल तैयार किए जा सकते हैं।
समारोह में बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग प्रथम वर्ष के बैच 2026 की छात्राओं को फ्लोरेंस नाइटिंगेल शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने अनुशासन, समर्पण और मानव सेवा के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया। उल्लेखनीय है कि लैम्प लाइटिंग सेरेमनी नर्सिंग पेशे में प्रवेश का प्रतीक है और आधुनिक नर्सिंग की जननी फ्लोरेंस नाइटिंगेल को समर्पित होती है।

इस अवसर पर डीन रिसर्च प्रो. संजीव मित्तल, उप निदेशक (प्रशासन) ले. कर्नल गोपाल मेहरा, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. पुनीत धमीजा, प्रो. रविकांत, डॉ. रश्मि मल्होत्रा, आयोजन सचिव सुश्री रुपिंदर देओल, राजेश कटारिया, मनीष शर्मा सहित कॉलेज ऑफ नर्सिंग के फैकल्टी सदस्य एवं बड़ी संख्या में नए बैच के विद्यार्थी उपस्थित रहे।




