
पौड़ी: जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सार्वजनिक स्थानों पर नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पौड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशों पर पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक होटल में नियम विरुद्ध तरीके से शराब पिलाई जा रही थी, जिस पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए होटल मालिक सहित चार व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र के एक होटल में सार्वजनिक रूप से शराब का सेवन कराया जा रहा है, जिससे आसपास का माहौल प्रभावित हो रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने होटल में शराब पीते हुए चार लोगों—आकाश, शुभम, रविंद्र और अनीश कुमार को रंगे हाथों पकड़ा। पुलिस ने इन चारों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की है।
वहीं, होटल के अंदर शराब परोसने की अनुमति देने के मामले में पुलिस ने होटल स्वामी अर्जुन सागर (निवासी पौड़ी) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी होटल संचालक के खिलाफ कोतवाली पौड़ी में आबकारी अधिनियम की धारा 60/68 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वाले और नियमों का उल्लंघन करने वाले होटल व ढाबा संचालकों के विरुद्ध भविष्य में भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से शराब परोसने वाले संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।


