
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बलबीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी पदाधिकारियों, संगठन के सदस्यों और कार्यकर्ताओं को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। वहीं, मुख्यमंत्री के निर्देश पर रामपुर तिराहा कांड में घायल होकर पूर्णतः शैय्याग्रस्त हुए दो राज्य आंदोलनकारियों की देखरेख के लिए 20 हजार रुपये प्रतिमाह की अतिरिक्त सहायता भी स्वीकृत की गई है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी प्रेम, सद्भाव, सहयोग और सामाजिक समरसता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं में पर्व-त्योहार समाज को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन आपसी संवाद, आत्मीयता और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करते हैं। मुख्यमंत्री ने सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना करते हुए प्रदेश की निरंतर प्रगति की कामना की।


राज्य आंदोलनकारियों की देखरेख के लिए अतिरिक्त सहायता
मुख्यमंत्री के निर्देश पर रामपुर तिराहाकांड में पुलिस की गोली से घायल होकर पूर्णतः शैय्याग्रस्त हुए दो राज्य आंदोलनकारियों की समुचित देखभाल के लिए 20 हजार रुपये प्रतिमाह की अतिरिक्त सहायता मंजूर की गई है। इस धनराशि से दोनों आंदोलनकारियों के लिए एक-एक सहायक की व्यवस्था की जा सकेगी। शासन की ओर से इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
शासनादेश के अनुसार हरिद्वार निवासी प्रकाश चन्द्र कांति और देहरादून निवासी अमित ओबराय को इस सहायता का लाभ मिलेगा। दोनों आंदोलनकारियों को वर्तमान में 30 हजार रुपये प्रतिमाह विशेष सम्मान पेंशन दी जा रही है। अब उनकी देखरेख के लिए 20 हजार रुपये प्रतिमाह की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की गई है।
इस प्रकार राज्य सरकार ने दोनों आंदोलनकारियों की देखभाल के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, जिससे उनके लिए सहायक की व्यवस्था की जा सकेगी।



