
प्रदेश में अब तक 84,707 किशोरियों का हुआ टीकाकरण, 89.17 प्रतिशत लक्ष्य पूरा; स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने अभिभावकों से की बेटियों को टीका लगवाने की अपील
देहरादून । उत्तराखंड में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत प्रदेश के पांच जनपद निर्धारित संशोधित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में अब तक 95 हजार के संशोधित लक्ष्य के सापेक्ष 84,707 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है। इस प्रकार राज्य ने 89.17 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है।
लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल करने वाले जनपदों में पिथौरागढ़ 101.80 प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर है। चमोली ने 101.39 प्रतिशत, उत्तरकाशी ने 100.85 प्रतिशत, ऊधम सिंह नगर ने 100.75 प्रतिशत और चम्पावत ने 100.62 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 फरवरी 2026 को देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया था। इसके तहत 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है। अभियान की शुरुआत से अब तक प्रदेश में 16,710 टीकाकरण सत्र नियोजित किए गए, जिनमें से 15,895 सत्र आयोजित हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि किशोरियों का स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि विभाग का लक्ष्य प्रत्येक पात्र किशोरी तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी पात्र बेटियों का निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं।



